नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के कला प्रेमियों के लिए एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होने जा रहा है। ब्रॉडवे शैली की भव्यता समेटे संगीतमय नाटक ‘एक राधा – अ म्यूजिकल लव स्टोरी’ का मंचन 28 फरवरी को दिल्ली के प्रतिष्ठित कमानी ऑडिटोरियम में किया जाएगा।
मुंबई गौरव अवार्ड्स द्वारा ‘हाइली रिकमेंडेड’ (बेहद प्रशंसित) यह नाटक प्रेम और भक्ति की एक ऐसी गाथा है, जिसे आधुनिक तकनीक और शास्त्रीय कला के मेल से तैयार किया गया है।
बॉलीवुड का अनुभव और राष्ट्रीय स्तर की कोरियोग्राफी
इस म्यूजिकल प्ले की सबसे बड़ी खासियतों में से एक इसकी कोरियोग्राफी है, जिसकी कमान मशहूर बॉलीवुड कोरियोग्राफर अरुणिमा रॉय ने संभाली है। अरुणिमा रॉय का नाम मनोरंजन जगत में नया नहीं है; उन्होंने कई हिंदी और बांग्ला फिल्मों में अपने बेहतरीन काम से पहचान बनाई है। उनके शानदार काम के लिए उन्हें कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से भी नवाजा जा चुका है। ‘एक राधा’ में उनके निर्देशन में होने वाला नृत्य प्रदर्शन दर्शकों के लिए एक विजुअल ट्रीट साबित होगा।
दिग्गज गायकों की आवाज और कुशल निर्देशन
इस भव्य प्रोडक्शन का निर्देश रणधीर रंजन रॉय द्वारा किया गया है। इस शो में संगीत का जादू बिखेरने के लिए बॉलीवुड के दिग्गज गायक शान, पापोन और जावेद अली ने अपनी आवाजें दी हैं। नाटक के बोल, “कान्हा की परछाई राधा लागे, राधा बिना कान्हा आधा लागे”, राधा-कृष्ण के शाश्वत प्रेम की गहराई को बयां करते हैं।


