Mediasamvad24

34.1 C
Noida
Saturday, August 29, 2026

Buy now

spot_img

राष्ट्रपति के अयोध्या आगमन की सभी तैयारियां समय से पूर्ण हों: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

अयोध्या । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अयोध्या में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित आगमन तथा आगामी रामनवमी पर्व की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने पहले श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, इसके बाद पीएफसी सभाकक्ष में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अयोध्या आगमन के दृष्टिगत सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं। उन्होंने सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं व अतिथियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। अधिकारियों ने बैठक में मुख्यमंत्री को एयरपोर्ट पर स्वागत व्यवस्था, यात्रा मार्ग पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन तथा विशिष्ट अतिथियों के लिए किए जा रहे प्रबंधों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर सुनिश्चित करें। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सभी सार्वजनिक स्थानों पर कड़ी निगरानी रखने, खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने तथा एंटी-ड्रोन कंट्रोल रूम को अलर्ट रखने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि मंदिर परिसर में बिना सुरक्षा जांच के किसी को भी प्रवेश न दिया जाए।
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने रामनवमी के अवसर पर अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर भी विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न हो, इसके लिए फुटपाथ खाली रखे जाएं और भीड़ नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था की जाए। दर्शन-पूजन कार्यक्रम का प्रसारण स्क्रीन के माध्यम से भी कराने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लता मंगेशकर चौक से हनुमानगढ़ी तक गोल्फ कार्ट संचालित करने, पार्किंग व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने तथा सड़कों के किनारे वाहनों की पार्किंग न होने देने के निर्देश दिए। विभिन्न स्थानों पर सेवाभाव से पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने को भी कहा गया।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने परिक्रमा मार्ग और मंदिर म्यूजियम के निर्माण कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली। इस अवसर पर कृषि मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव, डॉ. अमित सिंह चौहान, अभय सिंह, चंद्रभानु पासवान, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी अनिल मिश्रा सहित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles