ग्रेटर नोएडा स्थित मंगलमय इंस्टीट्यूट में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला उन्नति संस्था द्वारा “नारी शक्ति सम्मान” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि नारी केवल एक शब्द नहीं बल्कि त्याग, ममता, धैर्य, संघर्ष और सृजन की अद्भुत शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि एक बेटी, बहन, पत्नी और माँ के रूप में नारी समाज और परिवार को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाती है। आज देश की महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और यदि उन्हें अवसर और सम्मान मिले तो वे किसी भी ऊंचाई को प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वाभिमान को सर्वोच्च प्राथमिकता देना हम सभी का दायित्व है, क्योंकि नारी का सम्मान ही सशक्त समाज और समृद्ध राष्ट्र की नींव है।
भारतीय वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान निर्मल तंवर ने कहा कि महिलाएं यदि हौसले और जुनून के साथ लक्ष्य तय कर आगे बढ़ें तो सफलता उनसे दूर नहीं रह सकती। वहीं यूपीपीसीएस अधिकारी दीपा भाटी ने महिलाओं से अपने सपनों से समझौता न करने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को “नारी शक्ति सम्मान” देकर सम्मानित किया गया। साथ ही बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नारी शक्ति को नमन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंगलमय इंस्टीट्यूट के चेयरमैन अतुल मंगल ने की तथा सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। मंच संचालन अनिल भाटी और सोनाली ठाकुर ने किया।
इस अवसर पर संस्थापक डॉ. राहुल वर्मा, प्रेरणा मंगल, तीरथ शर्मा, डॉ. मीनाक्षी शर्मा, रणवीर चौधरी, राहुल वत्स, गीता भाटी, रेनूबाला शर्मा, विजय तंवर, एडवोकेट अनिल भाटी, डॉ. ओमवीर बघेल, दीपा रानी, सपना यादव, पूजा अवाना, किरण त्यागी और मीना गौतम सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


