रूदौली की बैठक से संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति के संकेत
मोहम्मद आलम
अयोध्या। AIMIM ने पूर्वांचल में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने के लिए अब जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी है। भेलसर स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली और प्रदेश महासचिव ताहिर सिद्दीकी ने अमेठी, बहराइच, सुल्तानपुर, सीतापुर, लखीमपुर, बाराबंकी और अयोध्या के पदाधिकारियों के साथ संगठन विस्तार और आगामी चुनावों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक को आने वाले चुनावों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व ने साफ कर दिया कि AIMIM अब केवल शहरी इलाकों तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि गांव-गांव और हर बूथ तक अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराने की दिशा में काम कर रही है।
प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने कहा कि यदि पार्टी को प्रदेश की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभानी है, तो बूथ स्तर पर मजबूत संगठन खड़ा करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि हर बूथ पर सक्रिय टीम तैयार की जाए और लगातार जनसंपर्क के माध्यम से पार्टी को मजबूत किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि AIMIM अब केवल मुद्दे उठाने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में खुद को स्थापित करेगी।
बैठक के बाद रूदौली से पूर्व प्रत्याशी शेर अफगन ने कहा कि समीक्षा बैठक से यह स्पष्ट हो गया है कि पार्टी पूरी तरह चुनावी मोड में आ चुकी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जा रही है कि वे घर-घर जाकर लोगों को पार्टी की नीतियों से जोड़ें, जिससे संगठन को और मजबूती मिल सके।
नगर अध्यक्ष शायर काविश रुदौलवी ने बताया कि बैठक में मिले निर्देशों के आधार पर नगर और बूथ स्तर पर नई रणनीति लागू की जाएगी। युवाओं को जोड़ने और नए कार्यकर्ताओं को अवसर देने पर विशेष जोर रहेगा।
बैठक में जिला अध्यक्ष शुएब वारसी, विधानसभा अध्यक्ष महताब आलम अखिलेश कुमार, जावेद अहमद, तौफीक अहमद, जमशीर आलम, अदनान, मो0 आरिफ़ विकास श्रीवास्तव, रेशमा, मो. रिहान सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि रूदौली की यह बैठक पूर्वांचल में AIMIM की बढ़ती सक्रियता और बदलते राजनीतिक समीकरणों का संकेत दे रही है।


