Mediasamvad24

35.1 C
Noida
Sunday, August 30, 2026

Buy now

spot_img

स्लोवाकिया पहुंचने पर पीएम मोदी का ‘ब्रेड और नमक’ के साथ किया गया पारंपरिक स्वागत, जानिए क्या है ये रिवाज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 देशों की यूरोप यात्रा पर हैं. यात्रा के दूसरे चरण में पीएम रविवार को स्लोवाकिया गणराज्य पहुंचे जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया. ब्रातिस्लावा के होटल पहुंचने पर उन्होंने भारतीय समुदाय के लोगों का अभिवादन भी किया. राजधानी में पीएम के स्वागत में स्थानीय लोगों ने वंदे मातरम गाया, साथ ही स्लोवाकिया के म्यावा क्षेत्र के ‘कोपानिसियारिक’ नामक मशहूर बाल लोक-नृत्य समूह ने पारंपरिक स्लोवाक नृत्य भी पेश किया.

ब्रातिस्लावा के होटल में ‘लुसनिका एन्सेम्बल’ की ओर से स्लोवाकिया के युवाओं ने ‘वंदे मातरम’ की शानदार प्रस्तुति दी और प्रधानमंत्री मोदी का मन मोह लिया. इसी ग्रुप ने पिछले साल राष्ट्रपति के स्लोवाकिया के दौरे पर ‘वंदे मातरम’ का गायन किया था.

‘महादेव कीर्तन प्रोजेक्ट’ की प्रस्तुति

यही नहीं एक अन्य स्थानीय म्यूजिकल ग्रुप ने ‘महादेव कीर्तन प्रोजेक्ट’ की आध्यात्मिक प्रस्तुति भी की जिसका प्रधानमंत्री ने रसास्वादन किया.

ब्रेड-नमक के साथ स्लोवाक अंदाज में स्वागत

इससे पहले स्लोवाक संस्कृति के तहत पीएम मोदी का होटल में ब्रेड और नमक देकर गर्मजोशी से स्लोवाक अंदाज में स्वागत किया गया. स्लोवाक में ब्रेड और नमक के साथ पारंपरिक स्वागत मेहमाननवाजी, सम्मान और सद्भावना का प्रतीक माना जाता है. मेहमान, खासकर सम्मानित अतिथि के लिए यह बेहद अहम होता है.

होटल में ही स्लोवाकिया के म्यावा क्षेत्र के ‘कोपानिसियारिक’ नामक मशहूर बाल लोक-नृत्य समूह का पारंपरिक वेष में नृत्य प्रस्तुत किया गया.

पीएम मोदी अपनी 2 देशों की यात्रा के दूसरे चरण में स्लोवाकिया में हैं, और इस दौरान वह राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी और पीएम रॉबर्ट फिको से मुलाकात करेंगे और कई बिजनेस लीडर्स से भी मिलेंगे.

स्लोवाकिया आने वाले पहले भारतीय PM

साल 1993 में चेकोस्लोवाकिया का विभाजन हुआ और चेक तथा स्लोवाकिया नाम के 2 गणराज्य बने. 1993 में नए देश के रूप में अस्तित्व में आए स्लोवाकिया का दौरा करने वाले मोदी पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं.

स्लोवाकिया की राजधानी पहुंचने के बाद पीएम मोदी ने रविवार रात सोशल मीडिया X पर अपने एक पोस्ट में कहा, “यह यात्रा भारत-स्लोवाकिया संबंधों को गहरा करने और सहयोग के नए रास्ते तलाशने का मौका देती है. राष्ट्रपति पेलेग्रिनी और पीएम फिको के साथ सार्थक बैठकों का इंतजार कर रहा हूं.”

पीएम मोदी फ्रांसीसी शहर नीस में फ्रेंच राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बातचीत के बाद 2 दिन की यात्रा (14-16 जून) के लिए ब्रातिस्लावा पहुंचे. स्लोवाकिया आने से पहले उन्होंने फ्रांस में ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में भी हिस्सा लिया.

विदेश मंत्रालय ने भी X पर अपने एक पोस्ट में कहा, “होटल पहुंचने पर, पीएम मोदी का स्वागत स्लोवाक गणराज्य के विदेश और यूरोपीय मामलों के मंत्री जुराज ब्लानार ने किया और उन्हें मेहमाननवाजी, सम्मान और सद्भावना के प्रतीक के तौर पर ब्रेड और नमक देकर गर्मजोशी से स्लोवाक अंदाज में स्वागत किया गया.”

विदेश मंत्रालय (MEA) के एक बयान में कहा गया है कि यह यात्रा पिछले साल अप्रैल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की स्लोवाकिया की राजकीय यात्रा और फरवरी 2026 में AI इम्पैक्ट समिट के लिए स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पेलेग्रिनी की भारत यात्रा के बाद हो रही है.

स्लोवाकिया से फिर वापस फ्रांस जाएंगे PM

राष्ट्रपति पेलेग्रिनी ने शनिवार को X पर एक पोस्ट में कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मैं सोमवार को ब्रातिस्लावा में आपका स्वागत करने के लिए उत्सुक हूं. आपकी ऐतिहासिक यात्रा नई दिल्ली में हुई हमारी अच्छी बातचीत को आगे बढ़ाएगी और स्लोवाकिया-भारत सहयोग के लिए नए अवसर खोलेगी.”

पीएम मोदी कल मंगलवार को फिर वापस फ्रांस आएंगे. वह 16-17 जून को एवियन में G7 शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे. शिखर सम्मेलन में, पीएम के G7 नेताओं और आमंत्रित सहयोगी देशों के साथ अंतरराष्ट्रीय सहयोग, आर्थिक विकास और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श करने की उम्मीद है. इस दौरान कई द्विपक्षीय बैठकें भी होंगी. उनकी यात्रा का अंतिम चरण 18 जून को पेरिस में होगा, जहां वह राष्ट्रपति मैक्रों के साथ यूरोप के सबसे बड़े टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप इवेंट, VivaTech 2026 में शामिल होंगे.

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles