हैदराबाद: ‘लापता लेडीज’ के एक्टर सतेंद्र सोनी सुर्खियों में हैं. एक्टर ने आरोप लगाया है कि एक फिल्म के प्रोड्यूसर और डायरेक्टर ने उन्हें तय फीस नहीं दी है साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी है. सतेंद्र का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए, जिसके बाद, ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने मध्य प्रदेश सरकार से फिल्म ‘पेड पालकी’ के मेकर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है.
एसोसिएशन ने एक्स (पहले ट्विटर) हैंडल पर एक स्टेटमेंट पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने लिखा है, ‘सतेंद्र सोनी का शेयर किया गया इमोशनल वीडियो उस दर्द और परेशानी को दिखाता है, जिसे उन्होंने झेला है. उनके आरोप भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों और वर्करों के साथ होने वाले बर्ताव को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा करते हैं. किसी भी कलाकार या वर्कर को ऐसा बर्ताव नहीं झेलना चाहिए.’
एसोसिएशन ने कहा, ‘कई वर्कर और कलाकार आरोप लगाते हैं कि उन्हें काम देने का वादा करके फिल्म की शूटिंग के लिए बुलाया जाता है, लेकिन बाद में उन्हें पेमेंट में देरी या पेमेंट न मिलने का सामना करना पड़ता है. साथ ही, जब वे अपना वाजिब पैसा मांगते हैं, तो उन्हें डराया-धमकाया जाता है. ऐसी शिकायतों पर गंभीरता से ध्यान दिया जाना चाहिए.’
आगे कहा है, ‘सतेंद्र सोनी ने अपना इमोशनल वीडियो सार्वजनिक करके इन मुद्दों को सबके सामने रखा है और उन मुश्किलों को उजागर किया है जिनका सामना कलाकारों और वर्करों को करना पड़ सकता है.’
एसोसिएशन ने आगे कहा कि यह मामला ‘मामूली नहीं’ है. एसोसिएशन ने मध्य प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि वह इन आरोपों पर तुरंत ध्यान दे और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करे. हर कर्मचारी और कलाकार सम्मान, समय पर भुगतान और डराने-धमकाने से सुरक्षा का हकदार है.
सतेंद्र ने आरोप लगाया कि ‘पेड पालकी’ के निर्माताओं ने उन पर हमला करने और उन्हें धमकाने से पहले उनका पूरा मेहनताना नहीं दिया. उन्होंने आगे दावा किया कि प्रगति ने उन्हें खींचकर कार की पिछली सीट पर बिठाया और उनका मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की. एक्टर ने कहा, ‘मुझे लगा जैसे मेरा अपहरण किया जा रहा हो.’ एक और वीडियो में, एक्टर ने अपने फैंस को बताया कि कई मुश्किलों का सामना करने के बाद वे सुरक्षित मुंबई पहुंच गए हैं.


