हैदराबाद: ‘हीरो नंबर 1’ फेम एक्टर गोविंदा बीते कुछ समय से अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर खूब चर्चा में हैं. दरअसल, गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता के बीच अनबन की खबरें बार-बार सामने आ रही हैं. सुनीता कई बार गोविंदा पर उनके कथित अफेयर को लेकर बेबाकी से बोल चुकी हैं. हाल ही में ही सुनीता ने स्टार पति गोविंदा के लिए बहुत भला-बुरा कहा था. जवाब में गोविंदा ने भी पैप्स के सामने पत्नी को हद में रहने की हिदायत दे दी थी.
अब सुनीता को अपने बेटे यशवर्धन के साथ बांद्रा फैमिली कोर्ट जाते देखा गया. इसके बाद गोविंदा और सुनीता के तलाक की अटकलें और भी तेज होने लगीं, लेकिन सुनीता के कोर्ट जाने की असली वजह अब सामने आई है. दरअसल, सुनीता कोर्ट शादी तोड़ने नहीं बल्कि बचाने गई थीं. इसका खुलासा गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने किया है.
गोविंदा के मैनेजर ने खोला राज
गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने सुनीता के फैमिली कोर्ट जाने पर दिए बयान में कहा है, ‘सुनीता जी ने गोविंदा के खिलाफ तलाक की अर्जी वापस ले ली है. अब दोनों के बीच कोई अलगाव नहीं है, लेकिन दुख इस बात का है कि उनकी पर्सनल लाइफ बहुत ही ज्यादा सार्वजनिक और चर्चित हो गई. गोविंदा और उनके बच्चे इस पूरे फैसले पर न्यूट्रल हैं. यह तो बस अपनी गलती का एहसास होने के बाद घर लौटने का मामला है. भगवान सबको ऐसी समझ दे, जो भी हुआ वो अच्छा नहीं हुआ’.
बता दें, पैपराजी ने जब सुनीता से पूछा कि वह कोर्ट क्यों आई हैं, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में बस इतना कहा, ‘बर्थडे मनाने आई थी’. उनके इस जवाब ने लोगों की बेचैनी और बढ़ा दी थी. सोशल मीडिया पर भी तरह-तरह की अटकलें लगने लगी थीं.
कब दी थी तलाक की अर्जी?
बता दें, गोविंदा और सुनीता ने साल 1987 में शादी रचाई थी. इस शादी से कपल के दो बच्चे (टीना और यशवर्धन) हैं. वहीं, साल 2024 में सुनीता ने कोर्ट में तलाक की अर्जी दी थी, जिसके बाद मामला बिगड़ता गया. सुनीता ने गोविंदा पर धोखा देने का आरोप लगाया. हाल ही में सुनीता ने पति गोविंदा और उनकी अपकमिंग फिल्म ‘रूपा’ की लीड एक्ट्रेस रानी स्वर्णकार को लेकर कई बातें भी कहीं. सुनीता ने पैप्स के सामने कहा था, ‘बेटी की उम्र की लड़की को लेकर साथ घूम रहा है. उसे शर्म आनी चाहिए’.


