भारत और श्रीलंका के बीच दूसरे टेस्ट मैच का चौथा दिन बारिश के कारण जल्दी समाप्त कर दिया गया. श्रीलंका ने फॉलोऑन खेलते अपनी दूसरी पारी में 6 विकेट पर 229 रन बना लिए हैं. जिससे उन्होंने भारत पर 16 रनों की बढ़त हासिल कर ली है. पहली पारी के शतकवीर और शानदार फॉर्म में चल रहे सोनल दिनुशा 7 रन बनाकर खेल रहे हैं, जबकि केशारा नुवांथा 3 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं.
पहली पारी में 290 रन पर सिमटने वाली श्रीलंकाई टीम को जब फॉलोऑन के लिए कह गया तो उस समय ऐसा लग रहा था कि वो ये मैच पारी से हार जाएंगे. लेकिन पासिंदु सूरियाबंडारा (92) और कामिंदु मेंडिस (55) ने शानदार पारी खेलकर अपनी टीम को पारी की हार से बचा लिया. इन दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 115 रनो की अहम साझेदारी हुई. इन दोनों खिलाड़ियों के आउट होते ही श्रीलंकाई पारी फिर से लड़खड़ा गई और 229 पर अपने 6 विकेट खो दिए. हालांकि उनको 16 रनों की लीड जरूर मिल गई है.
अब देखना ये है कि मैच के पांचवें दिन श्रीलंकाई बल्लेबाज भारत के सामने कितने देर टिक पाते हैं और भारत के सामने कितना बड़ा लक्ष्य खड़ा करने में सफल हो पाते हैं. भारतीय गेंदबाजों में मानव सुथार ने दो जबकि प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, सारांश जैन और रविंद्र जडेजा ने एक-एक विकेट हासिल किए.
बता दें कि भारत ने पहली पारी 9 विकेट पर 503 रन पर घोषित की थी. जिसमें पडिक्कल और जुरेल के शानदार शतक और पंत व कप्तान गिल के अर्धशतक शामिल हैं.


