मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता इमरान हाशमी स्वाइन फ्लू (H1N1) से संक्रमित हैं और फिलहाल उनका इलाज चल रहा है. अभिनेता हाल ही में काम के चलते बाहर गए थे और वहां से लौटने के बाद वह अस्वस्थ महसूस करने लगे. जब एक्टर ने मेडिकल टेस्ट कराया तो संक्रमण की पुष्टि हुई.
एक समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, डॉक्टरों ने इमरान को आराम करने और स्वस्थ होने तक सेहत से जुड़ी छोटी-छोटी चीजों का ख्याल करने की सलाह दी है. वहीं, अभिनेता ने अपने शो से जुड़ा एक पोस्ट शेयर किया है, लेकिन खुद के स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि नहीं की है. उन्होंने हाल ही में अपने फैंस को बताया था कि उनकी तबीयत खराब है और उन्हें बेंगलुरु में होने वाला अपना शो पोस्टपोन करना पड़ा.
इमरान बेंगलुरु में एक बॉलीवुड थीम वाले प्रोग्राम में परफॉर्म करने वाले थे. उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपडेट देते हुए अपने फैंस से माफी मांगी और बताया कि प्रोग्राम पोस्टपोन कर दिया गया है. उन्होंने शो के लिए टिकट ले चुके लोगों को यह भी आश्वासन दिया कि उनकी टिकट नई तारीख के लिए मान्य होंगे.
एक्टर ने अपने पोस्ट में लिखा है, ‘हे, बेंगलुरू, सच मे मैं ठीक नहीं हूं और दुर्भाग्यवश मैं बेंगलुरू शो में नहीं आ पाऊंगा, लेकिन प्लान खत्म नहीं हुआ, बस शो पोस्टपोन हुआ है, 12 सितंबर, शनिवार को सनबर्न यूनियन में आप सभी से मिलूंगा. आपके टिकट नई तारीख के लिए मान्य रहेंगे. आप लोगों से मिलने का बेसब्री से इंतजार है’.
एक्टर की तबीयत खराब होने की खबर ऐसे वक्त में आई है, जब वह अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘आवारापन 2’ की सफलता एन्जॉय कर रहे हैं. नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी फिल्म में इमरान ने ‘शिवम पंडित’ के किरदार में जोरदार वापसी की है.
सीक्वल बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रहा है और 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है. साल 2007 में रिलीज हुई ‘आवारापन’ बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं कर सकी थी, लेकिन बाद में टीवी और यूट्यूब पर आने के बाद फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिला था. साथ ही फिल्म का गाना ‘तो फिर आओ’ भी खूब पॉपुलर हुआ.
बता दें, इमरान हाल ही में दिशा पटानी के साथ मुंबई में ‘आवारापन 2’ की स्क्रीनिंग में शामिल हुए थे. दोनों ने दर्शकों से बातचीत की और फिल्म को मिली प्रतिक्रिया के बारे में बताया था. बातचीत के दौरान इमरान ने फिल्म के तीसरे पार्ट के आने का भी हिंट दिया था.
इमरान के अपकमिंग प्रोजेक्ट की बात करें तो वह आदित्य दत्त की फिल्म ‘गनमास्टर जी9’ में भी नजर आएंगे. इस फिल्म में जेनेलिया देशमुख और अपारशक्ति खुराना भी हैं. फिल्म 27 नवंबर 2026 को रिलीज होगी.


