हैदराबाद: सारा तेंदुलकर और राजवीर देओल की शादी की अफवाहें हाल ही में सोशल मीडिया पर आग की तरह फैलीं. सोशल मीडिया पोस्ट से पता चला कि सचिन तेंदुलकर की बेटी जल्द ही सनी देओल के बेटे से शादी करने वाली है. हालांकि, इस बात में कोई सच्चाई नहीं है. सारा के एक करीबी सोर्स ने उनकी शादी की अटकलों को गलत बताया है.
सारा और राजवीर की शादी की अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है. एक सूत्र ने आईएएनएस को इसकी जानकारी दी है. सूत्र ने इन अफवाहों के बारे में बात करते हुए कहा, “इन दावों में कोई सच्चाई नहीं है, और तेंदुलकर परिवार की ओर से ऐसी कोई अनउंसमेंट या कंफर्मेशन नहीं आई है. ये रिपोर्ट पूरी तरह से बेबुनियाद है और इन्हें सच नहीं मानना चाहिए.”
सूत्र ने साफ किया कि सारा और राजवीर कभी जिंदगी में एक-दूसरे से मिले तक नहीं. उन्होंने बताया, “सारा उस व्यक्ति से कभी मिली भी नहीं हैं, जिसके साथ उनका नाम जोड़ा जा रहा है. इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया है कि डिजिटल युग में गलत जानकारी कितनी खतरनाक तरीके से तेजी से फैल सकती है. सोशल मीडिया पर कोई पोस्ट, बिना किसी भरोसेमंद स्रोत या पुष्टि के, अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर बार-बार शेयर किए जाने के बाद, बहुत जल्दी एक असली खबर जैसी लगने लगती है.”
वायरल पोस्ट में दावा किया गया है कि सारा तेंदुलकर 2027 में राजवीर से शादी करेंगी. इसमें यह भी बताया गया कि राजवीर सारा को महंगे गिफ्ट भी भेज रहे थे. हालांकि, ये दावे अभी तक वेरिफाई नहीं हुए हैं और सारा, तेंदुलकर परिवार या देओल परिवार ने इसकी पुष्टि नहीं की है.
राजवीर सनी देओल के बेटे और दिवंगत एक्टर धर्मेंद्र के पोते हैं. उन्होंने अपने परिवार के नक्शेकदम पर चलते हुए फिल्मी दुनिया में कदम रखा. उन्होंने निर्देशक अवनीश बड़जात्या की फिल्म ‘दोनों’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया, जिसमें उनके साथ पलोमा ढिल्लों थीं. राजश्री प्रोडक्शंस की निर्मित यह फिल्म 5 अक्टूबर 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. फिल्म की रिलीज के बाद से एक्टर ने अभी तक अपनी किसी नई फिल्म का एलान नहीं किया है.


