गुलमोहर एन्क्लेव सोसायटी में छप्पन भोग, चोला चढ़ाने के साथ हलवे-चने का भोग वितरित
गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसायटी के श्री शिव बालाजी धाम मंदिर में हनुमान जी की विशेष पूजा, चोला चढ़ाने एवं छप्पन भोग अर्पण का भव्य आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। मंदिर परिसर जय श्री राम और बजरंग बली की जय के उद्घोष से गुंजायमान रहा।
मंगलवार को आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पूजा-अर्चना कर धर्म लाभ अर्जित किया। पंडित राजीव मिश्रा के सान्निध्य में विधि-विधान से हनुमान जी का दिव्य चोला चढ़ाया गया। इसके पश्चात आकर्षक श्रृंगार कर श्रद्धापूर्वक छप्पन भोग अर्पित किया गया।
आरडब्ल्यूए कार्यकारिणी एवं सोसायटी के निवासियों द्वारा सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। उक्त चौपाई के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। चालीसा पाठ के पश्चात सामूहिक आरती की गई, जिसमें भैरव बाबा की भी विधि-विधान से आरती उतारी गई।
पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान कार्यकारिणी सदस्य रश्मि चौधरी ने कहा कि हनुमान जी की कृपा से भक्तों के सभी संकट दूर होते हैं। ऐसे धार्मिक आयोजनों से जहां एक ओर समाज में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है, वहीं नई पीढ़ी को अपनी सनातन संस्कृति से जुड़ने की प्रेरणा भी मिलती है। उन्होंने कहा कि सामूहिक भक्ति से समाज में एकता, सौहार्द और सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है।
आरडब्ल्यूए के पूर्व महासचिव आर.के. गर्ग ने कहा कि मंदिर सोसायटी की आस्था का केंद्र है और यहां सभी कार्यक्रम निवासियों के सहयोग व सहभागिता से सफलतापूर्वक आयोजित किए जाते हैं।
इस अवसर पर रश्मि चौधरी, आर.के. गर्ग, , नीरू गर्ग, अनुजा बंसल, निशि गुप्ता, सुमन अग्रवाल,गौरव बंसल,अनुज बंसल, , दिनेश सिंह, , प्रभात गर्ग,राहुल त्यागी,विशाल बिग,सनी ढिंगरा,सतीश गुप्ता,सुभाष गर्ग, सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिर के पुजारी द्वारा सभी उपस्थित भक्तों को “जय श्री राम” लिखे पटके पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया, जिसमें विशेष रूप से हलवे-चने का भोग श्रद्धापूर्वक वितरित किया गया।


