Mediasamvad24

25.2 C
Noida
Tuesday, October 13, 2026

Buy now

spot_img

एशियन गेम्स में जिताया गोल्ड, फिर 1 करोड़ की प्राइज लिस्ट से नाम ही कर दिया गुम, कबड्डी स्टार ने कहा- मुझे नकारा क्यों गया

शिमला: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और देश को कई मेडल दिलाए. अब राज्य सरकारें अपने-अपने प्रदेश की खिलाड़ियों पर इनामों की बरसात कर रही हैं. सरकारों की ओर से कैश रिवॉर्ड से लेकर नौकरी देने तक के वादे किए गए हैं. ऐसे ही वादे हिमाचल सरकार ने अपने प्रदेश के मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए भी किए हैं. भारत की महिला कबड्डी टीम ने इस बार भी एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था. इस टीम की कप्तान समेत 4 खिलाड़ी हिमाचल प्रदेश से हैं. बेटियों की उपलब्धि के बाद नेता, अभिनेता और सोशल मीडिया यूजर्स बधाइयां देने लगे. बेटियों की इस जीत को प्रदेश की आन-बान और शान से जोड़ा गया लेकिन इस बीच हिमाचल की सुक्खू सरकार ने पदक विजेता खिलाड़ियों के नाम जारी किए जिसमें कबड्डी टीम की एक खिलाड़ी रितु नेगी का नाम नहीं था, जो हिमाचल के ही सिरमौर जिले से तालुक रखती हैं. बस इसके बाद हिमाचल की कांग्रेस सरकार सियासी मंचों से लेकर सोशल मीडिया तक निशाने पर आ गई. खुद रितु नेगी और उनके परिवार ने भी सरकार के फैसले पर सवाल उठा दिए.

क्या है पूरा मामला ?

दरअसल बीते दिनों हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता कबड्डी टीम की तीन हिमाचली महिला खिलाड़ियों पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को 1-1 करोड़ रुपये की सम्मान राशि और सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया. इसके अलावा भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार गेंदबाज रेणुका ठाकुर को भी 1 करोड़ रुपये से सम्मानित करने की घोषणा की गई.

मुख्यमंत्री की ओर से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी साझा की गई जिसमें टीम की कप्तान पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर का नाम था लेकिन रितु नेगी का नाम इस सूची में नहीं था. सीएम ने इन तीनों खिलाड़ियों के साथ मुलाकात की तस्वीर भी पोस्ट की थी. लेकिन टीम की चौथी महत्वपूर्ण खिलाड़ी रितु नेगी का नाम नहीं था, जो भारतीय कबड्डी टीम की कप्तान भी रह चुकी हैं और 2023 में उनकी अगुवाई में ही चीन में हुए एशियन गेम्स में भारतीय टीम ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया था.

रितु नेगी का नाम लिस्ट में क्यों नहीं है ?

दरअसल सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाली रितु नेगी की शादी हरियाणा के पानीपत में हुई हैं. उनके पति रोहित गुलिया भी कबड्डी खिलाड़ी हैं. माना जा रहा है कि शादी के बाद दूसरे राज्य में निवास स्थान होने का हवाला देकर उन्हें इस सूची से बाहर रखा गया है. क्योंकि सीएम ने सिर्फ तीन खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ रुपए ईनामी राशि का ऐलान किया था. सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि इन खिलाड़ियों के सम्मान में जल्द ही एक समारोह आयोजित किया जाएगा. उस समारोह में खिलाड़ियों को ईनामी राशि दी जाएगी.

सरकार के मुताबिक रितु नेगी पर फैसला बाद में लिया जाएगा. रितु हरियाणा की बहू हैं और उन्हें हरियाणा सरकार की ओर से भी ईनाम मिलना तय है. पिछले एशिन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने पर उन्हें हरियाणा सरकार ने तीन करोड़ रुपए ईनामी राशि दी थी. अब उन्हें फिर से हरियाणा सरकार के तय नियमों के अनुसार ईनामी राशि मिलेगी. यही कारण है कि हिमाचल सरकार ने रितु नेगी के केस में ईनामी राशि को लेकर घोषणा नहीं की है.

रितु नेगी कौन हैं ?

सिरमौर की रितु नेगी फिर भारतीय रेलवे में नौकरी कर रही हैं. वो 2011 में जूनियर महिला एशियन गेम्स में बतौर कप्तान भारत को गोल्ड मेडल दिला चुकी हैं. साल 2018 में जकार्ता में खेले गए एशियन गेम्स में बतौर रेडर टीम में शामिल थीं तब टीम ने रजत पदक जीता था. 2019 में नेपाल में हुए साउथ एशियन गेम्स में वो गोल्ड मेडल जीतने वाली टीम का हिस्सा थीं. 2023 में उनकी कप्तानी में टीम ने चीन में हुए एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था.

भारतीय टीम को तीन लगातार एशियन गेम्स में पदक (दो स्वर्ण और एक रजत) दिलाने वाली और 2023 के एशियाई खेलों में टीम की कमान संभालकर भारत को चैंपियन बनाने वाली रितु को साल 2024 में अर्जुन पुरस्कार से नवाजा गया था.

रितु नेगी ने क्या कहा ?

अब रितु नेगी और उनके परिवार का भी बयान सामने आया है. ईटीवी भारत से खास बातचीत में उन्होंने कहा कि ‘मैं बीजेपी या कांग्रेस के लिए नहीं खेलती हूं. मैं देश की आन-बान-शान के लिए खेलती हूं, तिरंगे के गौरव के लिए खेलती हूं. मुझे पुरस्कार राशि का कोई लालच नहीं है, लेकिन हरियाणा में शादी होने का हवाला देकर सम्मान राशि से वंचित रखना मेरी समझ से परे है. अन्य खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार राशि की घोषणा की गई है, जबकि मेरे मामले में शादी हरियाणा में होने की बात कही जा रही है. इससे मैं और मेरा परिवार खुद को अपमानित महसूस कर रहे हैं.’

रितु नेगी ने कहा कि जब वह मैदान में उतरती हैं तो यह सोचकर नहीं खेलतीं कि वो हिमाचल की बेटी हैं या हरियाणा की बहू है. मेरा एकमात्र उद्देश्य देश के लिए खेलना और तिरंगे का मान बढ़ाना होता है. रितु नेगी ने बताया कि उनका विवाह वर्ष 2022 में हुआ था. इसके बाद वर्ष 2023 में उन्होंने भारतीय महिला कबड्डी टीम की कप्तानी करते हुए एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता था. उस समय भी हिमाचल में कांग्रेस की सरकार थी और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ही थे. तब उन्हें पुरस्कार राशि दी गई थी. जब 2023 में शादी के बाद भी मुझे सम्मान राशि दी गई थी, तो अब ऐसा क्या बदल गया कि अन्य खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार की घोषणा हुई, लेकिन मेरे मामले में हरियाणा में शादी होने का हवाला दिया जा रहा है? मैं राष्ट्रीय स्तर पर भी हरियाणा की जगह हिमाचल से खेलती हूं.

‘अर्जुन पुरस्कार मिलने पर बताया हिमाचल की बेटी’

रितु नेगी ने कहा कि जब उन्हें अर्जुन पुरस्कार मिला था, तब मुख्यमंत्री से लेकर तमाम नेताओं ने उन्हें हिमाचल की बेटी बताकर बधाई दी थी, लेकिन अब पुरस्कार राशि की बात आने पर उनकी शादी हरियाणा में होने का हवाला क्यों दिया जा रहा है? रितु नेगी ने कहा कि इस मामले के पीछे राजनीति है या कोई अन्य कारण, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है. मैं किसी राजनीतिक दल से जुड़कर नहीं, बल्कि अपने देश के लिए खेलती हूं. मैं बीजेपी-कांग्रेस की तरफ से नहीं देश की तरफ से खेलती हूं.

पिता ने भी जताई नाराजगी

रितु के पिता भवान सिंह ने ईटीवी भारत से बातचीत में कहा कि ‘बेटी को सम्मान राशि नहीं दिए जाने के मुद्दे पर अपनी बात रखी है. ईटीवी भारत से बातचीत में उन्होंने सवाल उठाया कि अगर बेटी की शादी हरियाणा में हो गई है, तो क्या इससे हिमाचल प्रदेश के साथ उसका रिश्ता खत्म हो जाता है? हिमाचल के लिए कई मेडल जीते हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है. तीन एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है.’

बीजेपी ने जताई नाराजगी

इस फैसले ने न सिर्फ खिलाड़ी बल्कि उनके परिवार और खेल प्रेमियों में भी नाराजगी है. इस लेकर अब विपक्षी पार्टियों ने भी सरकार को घेरना शुरू कर दिया है. बीजेपी प्रवक्ता एवं शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव तोमर ने कहा कि रितु नेगी के साथ सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है. रितु नेगी ने भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और हिमाचल का नाम रोशन किया है. वो शिलाई की बेटी हैं और हिमाचल की उन बेटियों में शामिल हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर देश को गौरवान्वित किया. किसी खिलाड़ी की शादी हरियाणा में हो जाने से उसकी हिमाचली पहचान और प्रदेश के प्रति उसका योगदान समाप्त नहीं हो जाता, जब बात देश के लिए पदक जीतने और हिमाचल का नाम रोशन करने की आती है, तब ऋतु नेगी शिलाई और हिमाचल की बेटी हैं.

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles