युवा कल्याण विभाग एवं खेल विभाग गौतम बुद्ध नगर के संयुक्त तत्वावधान में नोएडा स्टेडियम में सांसद खेल स्पर्धा का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
दादरी, जेवर, नोएडा, खुर्जा और सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्रों के विजेता खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाई। एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, कबड्डी, कुश्ती, बैडमिंटन, भारोत्तोलन, जूडो और फुटबॉल सहित आठ खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
प्रतियोगिता में विजयी खिलाड़ी 10 और 11 मार्च को मेरठ स्थित विद्या विश्वविद्यालय में होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेंगे। कार्यक्रम के अंत में सांसद प्रतिनिधि संजय बाली ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल, टी-शर्ट और ट्रैकसूट देकर सम्मानित किया।
इस दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी परवेज अली, जिला युवा कल्याण अधिकारी हियाल सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


