खतरनाक काले कुत्ते का आतंक, मेड सुनीता को काटा
गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एंक्लेव सोसाइटी के श्री शिव बालाजी धाम मंदिर परिसर में एक खतरनाक काले कुत्ते का आतंक बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को इस कुत्ते ने एम-2 टावर में रहने वाले एक निवासी के यहां काम करने वाली मेड सुनीता पर अचानक हमला कर दिया और उसकी जांघ (थाई) पर बुरी तरह काट लिया, जिससे वह घायल हो गई।
सोसाइटी के निवासियों के अनुसार यह कुत्ता अक्सर मंदिर में पूजा करने आने वाले बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं पर भी अचानक हमला कर देता है। पहले भी कई बार लोगों को काटने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे श्रद्धालुओं और निवासियों में डर का माहौल बना हुआ है।
सोसाइटी के निवासी दिनेश सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले इस कुत्ते ने उन पर भी हमला कर दिया था। उन्होंने बताया कि इसी कुत्ते ने सोसाइटी में रवि की सब्जी की दुकान पर रहने वाले एक लड़के को भी बुरी तरह काट लिया था, जिसके बाद उसे रेबीज के इंजेक्शन लगवाने पड़े थे। उस समय लड़के के इंजेक्शन आरडब्ल्यूए की ओर से लगवाए गए थे।
मंदिर के पुजारी पंडित राजीव मिश्रा ने बताया कि यह कुत्ता अक्सर मंदिर के आसपास ही रहता है। उन्होंने कहा कि कुछ निवासी मना करने के बाद भी इस कुत्ते को दूध पिलाते हैं, जिसके कारण यह मंदिर परिसर में ही डेरा डाले रहता है।
जिनके यहां सुनीता काम करती है, उन्होंने बताया कि कुत्ते के काटने के बाद सुनीता को तेज बुखार हो गया है और वह काफी बीमार हो गई है। इसी कारण वह आज सोसाइटी में काम करने भी नहीं आई।
निवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद आरडब्ल्यूए इस गंभीर समस्या पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। लोगों ने सोसाइटी प्रबंधन और नगर निगम से मांग की है कि इस खतरनाक कुत्ते को जल्द से जल्द पकड़वाकर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी घटना से बचा जा सके।


