राहुल कुमार प्रियदर्शी (बिहार)
मधुबनी! पवित्र रमजान माह के अवसर पर खुटौना जिला परिषद क्षेत्र संख्या 39 की सदस्य नीलम यादव के निज आवास पर शुक्रवार की शाम भव्य इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के बड़ी संख्या में मुस्लिम भाइयों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा तालिमी मरकज से जुड़े लोगों ने भाग लेकर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान रोजेदारों ने निर्धारित समय पर सामूहिक रूप से इफ्तार किया। इफ्तार के बाद सभी ने एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद देते हुए समाज में शांति, भाईचारा और आपसी एकता बनाए रखने की कामना की। आयोजन स्थल पर सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला, जहां विभिन्न समुदायों के लोग एक साथ बैठकर इफ्तार में शामिल हुए।
इस मौके पर जिला परिषद सदस्य नीलम यादव द्वारा कई गणमान्य लोगों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में एकहत्था के मुखिया नजीब अहमद, मौलवी साहब मोहम्मद उमर, बाघा कुशमार अंतर्गत शेखटोली निवासी मोहम्मद फारुक दिलकश, शिक्षक मोहम्मद शहाबुद्दीन, मोहम्मद राशिद, मोहम्मद अब्दुल्लाह फैजान, मोहम्मद असादुल्लाह तथा नहरी अंतर्गत बेला टोल निवासी मो. फूल हसन सहित अन्य प्रमुख लोग शामिल रहे। इस अवसर पर जिप सदस्य नीलम यादव ने कहा कि रमजान का पवित्र महीना त्याग, संयम और मानवता का संदेश देता है। इफ्तार जैसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक कार्यक्रमों से समाज में आपसी विश्वास और एकता की भावना को बढ़ावा मिलता है। इफ्तार पार्टी में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और स्थानीय ग्रामीण भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी खुशनुमा हो गया।


