सीसीटीवी निगरानी, मिक्स सीटिंग और अनुशासन पर विशेष जोर, दूसरे दिन शांतिपूर्ण रही परीक्षा
अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में सम सेमेस्टर परीक्षाएं कड़े अनुशासन और पारदर्शिता के साथ संचालित हो रही हैं। परीक्षा के दूसरे दिन कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह ने सचल दल के साथ विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान कुलपति ने डॉ. रामप्रसन्न मणि सिंह महाविद्यालय सरायरासी, आशा देवी भगवान बक्श सिंह महाविद्यालय पूरा बाजार और पीडी पांडेय महाविद्यालय अयोध्या समेत कई केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यस्थिति की जांच की और यह सुनिश्चित किया कि निगरानी व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय रहे। साथ ही, ड्यूटी पर तैनात निरीक्षकों के परिचय पत्रों का सत्यापन भी किया गया।
कुलपति ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों में किसी भी बाहरी या अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहे। उन्होंने केंद्राध्यक्षों को मिक्स सीटिंग प्लान के अनुसार परीक्षार्थियों को बैठाने और परीक्षा प्रक्रिया को अनुशासित बनाए रखने के निर्देश दिए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
परीक्षा नियंत्रक विनय कुमार सिंह ने बताया कि सभी केंद्रों की निगरानी के लिए विश्वविद्यालय परिसर में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यहां से सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि दूसरे दिन की परीक्षाएं पूरी तरह शांतिपूर्ण रहीं और कहीं से किसी प्रकार की अनियमितता की सूचना नहीं मिली।


