अयोध्या। एक तरफ बेटी के लिए इंसाफ की गुहार लगाता बेबस पिता, तो दूसरी तरफ पुलिस जांच में सामने आती पुरानी मोहब्बत की कहानी यह मामला सिर्फ आरोपों का नहीं, बल्कि भरोसे, रिश्तों और टूटते यकीन की दास्तान बनता जा रहा है।
थाना महाराजगंज क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने कांपती आवाज़ और भारी दिल के साथ अपनी पुत्री के साथ हुए कथित दुष्कर्म की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की है। पिता का आरोप है कि जिस युवक पर उनकी बेटी ने भरोसा किया, उसी ने प्री-वेडिंग शूट के बहाने उसे कोलकाता बुलाया और वहां नशीला पदार्थ देकर उसकी अस्मत को तार-तार कर दिया।
पिता का दर्द यहीं नहीं थमता उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी युवक और उसके परिजन शादी के नाम पर एक थार गाड़ी और 25 लाख 51 हजार रुपये दहेज की मांग कर रहे थे। घटना के बाद से युवती मानसिक और शारीरिक रूप से बेहद आहत है और उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
वहीं, पुलिस की शुरुआती जांच इस कहानी को एक अलग दिशा में ले जाती दिख रही है। थाना प्रभारी राजेश सिंह के मुताबिक, युवक और युवती के बीच पिछले करीब दस वर्षों से प्रेम संबंध रहे हैं और दोनों के लिव-इन रिलेशन में रहने की बात भी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि दोनों परिवार कोलकाता में रहते हैं, जबकि युवती का पैतृक घर यहां है।
जांच में यह भी संकेत मिले हैं कि मामला पारिवारिक विवाद के चलते उजागर हुआ है और कोर्ट मैरिज की चर्चा भी सामने आई है, हालांकि अभी तक इसके ठोस दस्तावेज पुलिस को नहीं मिले हैं।
अब यह मामला सिर्फ एक शिकायत नहीं, बल्कि उन रिश्तों की उलझी कहानी बन गया है, जहां कभी भरोसा था, अब वहीं सवाल खड़े हैं। सच क्या है यह जांच के बाद ही सामने आएगा, लेकिन फिलहाल एक पिता की बेबसी और एक बेटी की खामोशी पूरे मामले को बेहद संवेदनशील बना रही


