दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान विवादों में रहे तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी बंगले को लेकर एक बार फिर से चर्चाएं हैं. भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सिविल लाइंस स्थित 6 फ्लैग स्टाफ रोड के सरकारी बंगले को “शीशमहल” बताती है. अब दिल्ली सरकार ने फैसला लिया है और इसे आम जनता के लिए खोला जाएगा. दिल्ली सरकार में PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने मंगलवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि दिल्ली का चर्चित ‘शीशमहल’ अगले सप्ताह से आम जनता के लिए खोला जाएगा. पहले इसे स्टेट गेस्ट हाउस बनाने का फैसला लिया गया था, लेकिन पत्रकारों और आम लोगों की मांग को देखते हुए अब इसे जनता के लिए खोलने का निर्णय लिया गया है. आम लोगों के यहां आने के लिए ऑनलाइन रिजर्वेशन की व्यवस्था भी की जाएगी.
प्रवेश वर्मा ने बताया कि सबसे पहले देशभर के मीडिया प्रतिनिधियों को शीशमहल का दौरा कराया जाएगा. इसके लिए अगले एक-दो दिन में सूचना जारी की जाएगी. उन्होंने कहा कि मीडिया को शीशमहल के निर्माण और उसके अंदर की सुविधाओं को दिखाया जाएगा, ताकि लोग खुद देख सकें कि इसके निर्माण में किस तरह का खर्च किया गया.
PWD मंत्री ने आरोप लगाया कि कभी बंगला और गाड़ी नहीं लेने का दावा करने वाले व्यक्ति ने कई बंगलों को तुड़वाकर शीशमहल तैयार कराया. उन्होंने कहा कि पहले शीशमहल का केवल एक कमरा दिखाया जाता था, जिसमें बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और शहीद भगत सिंह की तस्वीरें लगी थीं, लेकिन किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं थी. अब जनता स्मार्ट लाइट्स, महंगे पर्दे और वियतनाम के मार्बल सहित अंदर की सभी चीजें देख सकेगी. उन्होंने इसे भ्रष्टाचार का बड़ा उदाहरण बताते हुए निर्माण में गड़बड़ी के आरोप लगाए. हालांकि प्रवेश वर्मा ने ये भी बताया कि पहले कैबिनेट में इस बंगले को स्टेट गेस्ट हाउस बनाने का फैसला किया था. लेकिन जनता की रुचि को देखते हुए अब इसे आम जनता के लिए खोलने का फैसला लिया गया है.
आप के प्रदर्शन पर किया पलटवार
आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन और सरकार के कामकाज पर उठाए जा रहे सवालों के जवाब में प्रवेश वर्मा ने कहा कि पिछले 10 सालों में जो लोग काम नहीं कर पाए, वे अब मौजूदा सरकार के कामों पर सवाल उठा रहे हैं. उन्होंने टेंडर प्रक्रिया को पूरी तरह नियमों के तहत बताते हुए कहा कि किसी भी कंपनी को काम मिलने से पहले निर्धारित योग्यताएं पूरी करनी होती हैं. टेंडर रद्द होने पर संबंधित कंपनी अदालत में चुनौती भी दे सकती है.
बुराड़ी में 150 करोड़ के विकास कार्यों का दावा
प्रवेश वर्मा ने बुराड़ी के लोगों से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र में सड़क और ड्रेनेज व्यवस्था सुधारने के लिए 150 करोड़ रुपये की परियोजनाएं मंजूर की गई हैं. उन्होंने कहा कि ये काम किसी विधायक के कहने पर नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों की जरूरतों और मुख्यमंत्री के निर्देश पर कराए जा रहे हैं.
यमुना के पानी पीने की चुनौती पर मंत्री का जवाब
यमुना में सफेद झाग और सौरभ भारद्वाज की पानी कालिंदी कुंज से पानी पीने चुनौती, विपक्ष के सवालों पर जल मंत्री ने कहा कि दिल्ली में छठ महापर्व का आयोजन बड़े स्तर पर हुआ और करीब 2,500 घाटों पर पूजा कार्यक्रम आयोजित किए गए. लाखों लोगों ने इसमें हिस्सा लिया. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के आयोजन की सफलता से आम आदमी पार्टी परेशान है.
वर्मा ने दावा किया कि दिल्ली की सीमा में यमुना के उन हिस्सों में झाग नहीं है, जहां नदी बहती है. ओखला बैराज के आगे उत्तर प्रदेश की सीमा शुरू होती है और झाग वाले हिस्से को लेकर यूपी सरकार से बातचीत की जा रही है. उन्होंने बताया कि RIR की ओर से भी अध्ययन किया जा रहा है कि झाग बनने से रोकने के लिए किन बदलावों की जरूरत है.


