लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में आए नागरिकों की समस्याएं सुनी और कहा कि अवैध कब्जा करने वाले भू-माफिया और दबंगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। जनता दर्शन में आए अधिकतर नागरिकों ने अवैध कब्जों को लेकर शिकायतें की। मुख्यमंत्री ने सभी को भरोसा दिलाया कि कब्जा करने वालों को बक्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने संबंधित जिलाधिकारियों और राजस्व विभाग को कब्जों के मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस को निर्देश दिए कि राज्य में अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध चल रही कार्रवाई को और तेज किया जाए।
सोमवार को जनता दर्शन में गंभीर बीमारी से जूझ रहे कई पीड़ितों ने मुख्यमंत्री से इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इलाज के लिए आर्थिक सहायता दे रही है।
आप भी अस्पताल से इलाज के खर्च का ब्योरा बनवाकर दें। ब्योरा मिलते ही सरकार तुरंत आर्थिक मदद करेगी। धन के अभाव में इलाज नहीं रुकेगा।
जनता दर्शन में अभिभावकों के साथ पहुंचे बच्चों को योगी ने दुलारा-पुचकारा और चॉकलेट दी। साथ ही अभिभावकों से कहा कि ठंड में बच्चों का विशेष ध्यान रखें।


