Mediasamvad24

29.1 C
Noida
Saturday, November 14, 2026

Buy now

spot_img

मंडी में सीएम सुक्खू का बड़ा बयान: कहा- ‘हिमाचल भाजपा 5 गुटों में बंटी, जयराम ठाकुर को हटाने के लिए दिल्ली में हो रही लॉबिंग’

मंडी: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा के अंदरूनी राजनीतिक हालात को लेकर बड़ा बयान देते हुए आरोप लगाया है कि भाजपा के कुछ नेता पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को उनके पद से हटाना चाहते हैं। इसके लिए पार्टी के कुछ नेता दिल्ली में लाॅबिंग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश सरकार के पास इस संबंध में पुख्ता जानकारी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश भाजपा इस समय 5 गुटों में बंटी हुई है और इन गुटों के बीच आपसी सामंजस्य स्थापित करना पार्टी नेतृत्व के लिए चुनौती बना हुआ है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को मंडी में चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत आयोजित वाॅकथाॅन में भाग लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि जयराम ठाकुर अपनी पार्टी के भीतर सामंजस्य बैठाने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन उन्हें इसमें सफलता नहीं मिल पा रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार मौजूदा परिस्थितियों में जयराम ठाकुर पर विधायकों का काफी दबाव है। उन्होंने भाजपा के भीतर चल रही कथित गुटबाजी को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के अंदर अलग-अलग गुट सक्रिय हैं।

शीतकालीन सत्र में विपक्ष को जवाब सुनने के लिए भी रहना होगा तैयार

आगामी विधानसभा के शीतकालीन सत्र को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सदन की कार्यवाही के लिए पूरी तरह तैयार है। विपक्ष के विधायकों को अपने क्षेत्र और प्रदेश से जुड़े मुद्दे उठाने के लिए पर्याप्त समय दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का महत्वपूर्ण मंच है और यहां जनहित से जुड़े विषयों पर चर्चा होनी चाहिए। विपक्ष को केवल सवाल पूछने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि सरकार के जवाब सुनने के लिए भी सदन में मौजूद रहना चाहिए। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वह बार-बार वाॅकआऊट करने के बजाय चर्चा में भाग लें, ताकि जनता से जुड़े मुद्दों पर सार्थक संवाद हो सके।

चिट्टा मुक्त हिमाचल खेलों में 8 खेल होंगे आयोजित, 10 हजार से अधिक पंजीकरण

मुख्यमंत्री ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बारे में बताया कि प्रदेश में पहली बार चिट्टा मुक्त हिमाचल खेलों का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इन खेलों में कुल 8 खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। अभी तक पूरे प्रदेश से 10 हजार से अधिक खिलाड़ी अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। राज्य स्तर पर प्रतियोगिताओं में विजेता रहने वाली टीम को 31 लाख रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी, वहीं, दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 21 लाख रुपए और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 11 लाख रुपए प्रदान किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देना और खेलों के माध्यम से नशे के खिलाफ सामाजिक जागरूकता पैदा करना है।

भाजपा की पूर्व सरकार लागू नहीं कर पाई थी पीआईटी एनडीपीएस एक्ट

नशे के कारोबार के खिलाफ सरकार की कार्रवाई का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने पूर्व भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपने कार्यकाल में पीआईटी एनडीपीएस एक्ट लागू नहीं कर पाई, जबकि वर्तमान सरकार ने सत्ता संभालने के 222 महीने के भीतर इसे लागू कर दिया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कानून के तहत नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त सप्लायरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है। उन्होंने बताया कि कानून के तहत 6 महीने तक निरुद्ध रखने और संबंधित संपत्ति को अटैच करने जैसे प्रावधानों के माध्यम से नशे के नैटवर्क पर कार्रवाई की जा सकती है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद से प्रदेश में चिट्टे के कारोबार में 50 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ सरकार केवल पुलिस कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम जनता की भागीदारी से व्यापक अभियान चला रही है।

वाॅकथाॅन में भाजपा विधायकों की गैर-मौजूदगी पर उठाए सवाल

मंडी में आयोजित चिट्टा मुक्त हिमाचल वाॅकथाॅन में हजारों युवाओं के साथ धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर और मंडी सदर के विधायक अनिल शर्मा भी मौजूद रहे। हालांकि, जिला मंडी से भाजपा के अन्य विधायक कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए। इस पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने विपक्षी विधायकों की गैर-मौजूदगी को लेकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत यह छठा बड़ा आयोजन था। नशे के खिलाफ लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सांझा जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजनों में विपक्ष के विधायकों को बिना निमंत्रण के भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य हिमाचल को चिट्टे से मुक्त बनाना है और इस दिशा में सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों का सहयोग जरूरी है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles