सितारगंज। सिसौना ब्लॉक के सामने रविवार दोपहर डंपर और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, जबकि डंपर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
सिडकुल चौकी प्रभारी जगत सिंह शाही ने बताया कि रविवार सिसौना प्रधान पति हरेंद्र सिंह ने पुलिस को सूचना दी कि सिसौना ब्लॉक के सामने एक मोटरसाइकिल और डंपर की टक्कर हो गई है, जिसमें मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़ा है। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक जगत सिंह शाही टीम के साथ मौके के लिए रवाना हुए। जहां उन्होंने देखा कि मोटरसाइकिल संख्या यूके 06ऐई 3752 क्षतिग्रस्त हालत में सड़क पर पड़ी थी, जबकि डंपर संख्या यूके 07सीए 9235 सड़क किनारे पलटा हुआ था। वहीं, मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल निजी वाहन से चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान नरेंद्र सिंह (39) पुत्र अमर सिंह निवासी लामाखेड़ा, थाना सितारगंज, जिला ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को चौकी में खड़ा कर दिया है। वहीं, डंपर को हाइड्रा मशीन की मदद से हटाकर चौकी सिडकुल में खड़ा कराया जाएगा। मृतक के स्वजन को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से हादसे के संबंध में जानकारी जुटा रही है और मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस टीम में अपर उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह दानू, हेड कांस्टेबल राजेंद्र सिंह, कांस्टेबल विनोद जोशी और कांस्टेबल अर्जुन नगन्याल मौजूद रहे।


