आईसीसी ने श्रीलंका के स्पिनर प्रभात जयसूर्या को मंगलवार को आधिकारिक फटकार लगाई गई और एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया. यह कार्रवाई भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दौरान उनके आउट होने के बाद अंपायर पर गुस्सा दिखाने के लिए की गई.
आईसीसी ने कहा कि जयसूर्या को खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के लिए आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन करते हुए पाया गया है जो अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण या पोशाक को नुकसान पहुंचाने से जुड़ा है.
आईसीसी ने कहा कि इस खिलाड़ी का पिछले 24 महीने यह पहला अपराध था. दूसरे दिन के खेल की आखिरी गेंद पर भारतीय स्पिनर मानव सुथार की गेंद पर पगबाधा आउट होने के बाद जयसूर्या ने पवेलियन लौटते समय बाउंड्री पर अपना बल्ला पटका था.
खास बात यह है कि खिलाड़ी ने अपनी गलती मान ली और मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट द्वारा प्रस्तावित सजा को स्वीकार कर लिया, इसलिए किसी औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी. यह आरोप ऑन-फील्ड अंपायर अहसान रजा और शरफुद्दौला इब्ने शाहिद, तीसरे अंपायर रॉड टकर और चौथे अंपायर प्रगीथ रामबुकवेला ने लगाया था.
इससे पहले, कोलंबो टेस्ट के पहले दिन मैदान पर हुई झड़प के लिए भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और श्रीलंकाई तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया और उनके खाते में एक-एक डिमैरिट अंक भी जोड़ा गया था.
मैच की बात करें तो श्रीलंका ने भारत के खिलाफ दूसरे और अंतिम टेस्ट के तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक आठ विकेट पर 265 रन बना लिए. बारिश के कारण दिन का खेल जल्दी समाप्त कर दिया गया. श्रीलंका भारत के पहली पारी के 9 विकेट पर 503 रन पारी घोषित से 238 रन पीछे है. सोनल दिनुशा 85 और लाहिरु कुमारा 8 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं.
दिनुशा के अलावा पासिंदु सूरियाबंडारा ने भी श्रीलंका की ओर से 80 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली. वहीं भारत की तरफ से प्रसिद्ध औ सुथार ने 3-3 विकेट लिए जबकि जडेजा और सिराज को एक-एक मिला.


