हॉकी वर्ल्ड कप के पूल ई मैच में अर्जेन्टीना ने भारत को 5-3 से हरा दिया. इसके साथ भारत सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गया. अर्जेन्टीना की ओर से टॉमस डोमेन (33वें और 45वें मिनट) ने दो गोल दागे जबकि जोकिन टोस्कानी (पहले मिनट), निकोलस डेला टोरे (छठे मिनट) और लुकास टोस्कानी (53वें मिनट) ने एक-एक गोल किया.
भारत की तरफ से सुखजीत सिंह (10वें और 58वें मिनट) ने दो गोल दागे जबकि हार्दिक सिंह (60वें मिनट) ने एक गोल किया. इस हार के साथ भारतीय टीम पूल ई में अपने अंकों का खाता खोलने में नाकाम रहते हुए अंतिम पायदान पर रही. इस जीत का मतलब है कि अर्जेंटीना ने भारत के खिलाफ अपनी जीत का सिलसिला पांच मैचों तक बढ़ा लिया है.
इस पूल से नीदरलैंड पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुका है और अब दूसरी टीम का फैसला इंग्लैंड और नीदरलैंड के बीच होने वाले आखिरी पूल मैच से होगा. इसलिए अर्जेंटीना को अब इंग्लैंड बनाम नीदरलैंड्स मैच के नतीजे का इंतजार करना होगा. वहीं भारत अब शुक्रवार, 28 अगस्त को अपने अभियान को समाप्त करने के लिए 7वें-8वें स्थान के मैच में बेल्जियम का सामना करेगा.
इस हार ने भारतीय हॉकी टीम के वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में पहुंचने के इंतजार को और लंबा कर दिया है, क्योंकि वो 1975 में वर्ल्ड कप जीतने के बाद से कभी सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाए हैं.


