नई दिल्ली : रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी एक दिन में छह अरब डॉलर से अधिक की संपत्ति बढ़ने के साथ दुनिया में सबसे ज्यादा संपत्ति अर्जित करने वाले अरबपति बन गए हैं. उनकी प्रमुख कंपनी के बेहतर तिमाही नतीजों के बाद शेयर में आई जोरदार तेजी से उनकी संपत्ति बढ़ी है.
फोर्ब्स की वास्तविक समय में अरबपतियों की सूची के मुताबिक, दो नवंबर को जारी ताजा आंकड़ों में अंबानी की संपत्ति 7.85 प्रतिशत यानी 6.3 अरब डॉलर बढ़ी. इस तरह वह दुनिया में एक दिन में सबसे अधिक संपत्ति बढ़ाने वाले अरबपति बन गए.
फोर्ब्स के अनुसार, संपत्ति में इस बढ़ोतरी के साथ अंबानी दुनिया के अरबपतियों की सूची में 23वें स्थान पर पहुंच गए. वह सबसे अमीर भारतीय बन गए हैं. इस सूची में गौतम अडाणी 79.12 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 26वें स्थान पर हैं. अंबानी की संपत्ति 88.8 अरब डॉलर आंकी गई है.
सूची में संपत्ति बढ़ने के मामले में दूसरे स्थान पर स्पेन के खुदरा क्षेत्र के अरबपति अमानसियो ओर्टेगा रहे. उनकी संपत्ति में 1.7 अरब डॉलर का इजाफा हुआ. इसके बाद चीन के झोंग शांशान का स्थान रहा, जिनकी संपत्ति 1.5 अरब डॉलर बढ़ी.
रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में आई तेजी के साथ अंबानी की संपत्ति यह वृद्धि हुई है. कंपनी का शेयर सोमवार को बीएसई में 11.64 प्रतिशत चढ़कर 1,299 रुपये पर बंद हुआ. यह छह साल से अधिक समय में शेयर का सबसे अच्छा प्रदर्शन रहा. यह निफ्टी-50 सूचकांक में सबसे अधिक बढ़त दर्ज करने वाला शेयर रहा.
यह तेजी रिलायंस के सितंबर तिमाही के नतीजों के बाद आई. रिलायंस इंडस्ट्रीज का चालू वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 33.8 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड 29,550 करोड़ रुपये रहा. कंपनी के तेल से रसायन (ओ2सी) कारोबार में मजबूत प्रदर्शन और दूरसंचार कारोबार में वृद्धि ने खुदरा कारोबार की अपेक्षाकृत कमजोर स्थिति की भरपाई कर दी.
फोर्ब्स ने कहा, “मुकेश अंबानी 1,250 अरब डॉलर (राजस्व) वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन हैं और इसका संचालन करते हैं. कंपनी का कारोबार पेट्रोरसायन, तेल एवं गैस, दूरसंचार, खुदरा, मीडिया और वित्तीय सेवाओ के क्षेत्रों में फैला है.”


