पसीने की स्याही से जो लिखते हैं अपने इरादों को, उसके मुकद्दर के पन्ने कभी कोरे नहीं हुआ करते- आशीष त्रिपाठी अध्यक्ष
राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर विज्ञान प्रदर्शनी व क्विज में मेधावियों का किया गया सम्मान।
जौनपुर ब्यूरो,, सुनील मिश्रा
जौनपुर। जिले बीते दिनों राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर केराकत तहसील के मटियारी गांव क्षेत्र स्थिति जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लायंस क्लब जौनपुर सूरज के पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया और विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्रों ने विज्ञान से जुड़े विभिन्न मॉडलों और प्रयोगों की आकर्षक प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने सराहा। क्विज प्रतियोगिता में भी छात्रों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
संस्था के जिलाध्यक्ष एंव एडीएम पेशकार आशीष त्रिपाठी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि “लगन व मेहनत से कुछ भी हासिल किया जा सकता है। किसी ने कहा है कि पसीने की स्याही से जो लिखते हैं अपने इरादों को, उसके मुकद्दर के पन्ने कभी कोरे नहीं हुआ करते।” उन्होंने छात्रों को निरंतर परिश्रम और वैज्ञानिक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में संस्था के महासचिव राजेंद्र खत्री एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राम बिहारी ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि विज्ञान केवल किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन को बेहतर बनाने का माध्यम है।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्रों के अलावा त्रिपुंड भास्कर, शासकीय अधिवक्ता राजेश शुक्ला, उप जिलाधिकारी सदर के पेशकार सुभाष चंद्र यादव सहित विद्यालय परिवार के शिक्षकगण व अभिभावक भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए गए और सभी ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस को ज्ञान, नवाचार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के संकल्प के साथ मनाया।


