नई दिल्ली: देश के उभरते क्रिकेट सितारों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और अवसर प्रदान करने के लिए पूर्व क्रिकेटर चेतन शर्मा ने सैल्यूट तिरंगा क्रिकेट लीग (एसटीसीएल) का आगाज किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रव्यापी प्रतिभा खोज अभियान का शुभारंभ है. दिल्ली के एक निजी होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में लीग की आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च की गई. साथ ही देशभर में होने वाले ओपन ट्रायल की घोषणा की गई. कार्यक्रम में पूर्व भारतीय क्रिकेटर एवं बीसीसीआई चयन समिति के पूर्व अध्यक्ष चेतन शर्मा, पूर्व भारतीय टेस्ट क्रिकेटर अशोक मल्होत्रा, एसटीसीएल के चेयरमैन राजेश झा, वाइस चेयरमैन रवि चिकारा और डायरेक्टर मुकेश कुमार सिंह सहित क्रिकेट जगत से जुड़े कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.
इस दौरान एसटीसीएल के कमिश्नर एवं पूर्व क्रिकेटर चेतन शर्मा ने कहा कि हर खिलाड़ी में कुछ बड़ा हासिल करने की क्षमता होती है, लेकिन उस प्रतिभा को सही अवसर, मार्गदर्शन और सहयोग की जरूरत होती है. हमारा उद्देश्य देश के अलग-अलग हिस्सों से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, कोचिंग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है. क्रिकेट ने हमें बहुत कुछ दिया है और अब समय है कि हम देश के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों को कुछ वापस दें.
ट्रायल में शामिल होने के लिए मुफ्त होगा खिलाड़ियों का पंजीकरण
चेतन शर्मा ने बताया कि सैल्यूट तिरंगा क्रिकेट लीग में देशभर की 8 फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी. लीग के सभी मुकाबले समराज क्रिकेट स्टेडियम नाथद्वारा राजस्थान में आयोजित किए जाएंगे. युवा क्रिकेट प्रतिभाओं की पहचान के लिए देश के प्रमुख शहरों में चरणबद्ध तरीके से ओपन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे. खास बात यह है कि इन ट्रायल्स के लिए पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क रहेगा. किसी खिलाड़ी से ट्रायल में शामिल होने के लिए कोई पैसा नहीं लिया जाएगा.
उन्होंने कहा कि ट्रायल के लिए चयन होने पर हर खिलाड़ी को 25 हजार रुपये दिए जाएंगे. अगर खिलाड़ी आगे अच्छा प्रदर्शन करता है तो उसको और भी पैसा मिलेगा. प्रतिभा खोज अभियान के पहले चरण में लखनऊ, पटना और कोलकाता, दूसरे चरण में मुंबई, हैदराबाद, चेन्नई और बेंगलुरु, जबकि तीसरे चरण में चंडीगढ़, जयपुर और दिल्ली में ओपन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे. इन ट्रायल्स के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों से युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और एसटीसीएल के मंच तक पहुंचने का अवसर मिलेगा.
ट्रायल के दौरान निशुल्क होगी खिलाड़ियों के लिए सभी सुविधाएं
एसटीसीएल के चेयरमैन राजेश झा ने कहा कि हमारा उद्देश्य युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और मजबूत मंच प्रदान करना है. चयनित खिलाड़ियों के लिए यात्रा, भोजन, आवास और यूनिफॉर्म की व्यवस्था के साथ अनुभवी क्रिकेट विशेषज्ञों से प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें पूर्व भारतीय क्रिकेटर चेतन शर्मा का मार्गदर्शन भी शामिल है. हमारा लक्ष्य देश के हर कोने की प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है. इस दौरान आयोजकों ने एसटीसीएल के उद्देश्य, लीग के प्रतियोगिता प्रारूप, फ्रेंचाइजी मॉडल, ओपन ट्रायल की प्रक्रिया और आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की.


