गौतमबुद्धनगर,
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में ‘मिशन शक्ति 5.0’ (द्वितीय चरण) का भव्य शुभारंभ महिला पुलिस इकाई द्वारा निकाली गई स्कूटी रैली के साथ किया गया। रैली को पुलिस आयुक्त ने फ्लैग ऑफ किया, जिसमें डीसीपी यातायात शैलेन्द्र कुमार सिंह, डीसीपी महिला सुरक्षा अनुकृति शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
महिला पुलिसकर्मियों ने ‘स्वयं सिद्धा’ मोबाइल, एंटी रोमियो स्क्वाड, पीआरवी और पिंक बूथ की झांकियों के माध्यम से शहर में भ्रमण कर महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकार और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान 1090, 1098, 112, 1930 और 1076 हेल्पलाइन नंबरों का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति, महिला सुरक्षा अभियान, स्कूल-कॉलेज जागरूकता कार्यक्रम और साइबर सुरक्षा पहल के जरिए महिलाओं और बच्चों को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
यह रैली “सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में एक प्रभावी पहल साबित हुई।


