नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी ने अपने आईटी सेल प्रभारी अमित मालवीय को बाहर कर दिया है. भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने उन्हें अपनी नई टीम में जगह नहीं दी है. उनकी जगह पार्टी ने दीपक महस्के को आईटी सेल का प्रभारी बनाया है. महस्के छत्तीसगढ़ से हैं. मालवीय 11 साल तक पार्टी के आईटी सेल के प्रमुख रहे थे.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दीपक महस्के को सोशल-मीडिया रणनीति के केंद्र में संगठन पर ध्यान देने वाला और डेटा-ओरिएंटेड चेहरा माना जाता है. रायपुर में रहने वाले दीपक वरिष्ठ भाजपा नेता और राज्य भाजपा के स्थायी आमंत्रित सदस्य हैं. उन्होंने सार्वजनिक मीडिया प्रवक्ता के तौर पर काम करने के बजाय पार्टी के आईटी और सोशल मीडिया सिस्टम में चुपचाप रहकर लगभग 15 साल बिताए हैं.उन्होंने बिहार, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल जैसे अहम विधानसभा चुनावों के लिए पर्दे के पीछे रहकर डिजिटल, डेटा और सोशल मीडिया कैंपेन संभाले हैं.अपने पूर्ववर्ती अमित मालवीय के उलट, उन्हें एक संगठनात्मक रणनीतिकार के तौर पर जाना जाता है जो डिजिटल नेटवर्क बनाने, स्थानीय स्तर पर सोशल मीडिया की पहुंच बढ़ाने और बूथ स्तर पर माइक्रो-टार्गेटिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं.
उन्होंने केमिस्ट्री में एमएससी किया है. सीमेंट टेक्नोलॉजी में डिप्लोमा और कंप्यूटर प्रोग्रामिंग सर्टिफिकेशन का भी उन्होंने कोर्स किया है. कॉलेज में केमिस्ट्री टीचर के तौर पर करियर की शुरुआत की थी. वह बागवानी, ऑर्गेनिक खेती और खेती से जुड़ी गतिविधियों में 35 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं.
पार्टी में चुनावी डेटा इकट्ठा करने, उसका विश्लेषण करने और लाभार्थी-योजनाओं के डेटा के लिए जाने जाते हैं. भाजपा छत्तीसगढ़ राज्य आईटी सेल के इंचार्ज और राज्य प्रवक्ता के तौर पर काम कर चुके हैं. साल 2025 से राज्य मंत्री के दर्जे के साथ छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के चेयरमैन हैं.
वह इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड के बोर्ड में भी काम कर चुके हैं.’बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’, हेल्थ कैंप, ग्रामीण लाइब्रेरी और डिजिटल-पेमेंट जागरूकता जैसे कामों से जुड़े रहे हैं.
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव सहाय ने सोशल मीडिया पर लिखा, “छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष दीपक महस्के को भाजपा के सोशल मीडिया कन्वीनर नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. आपकी संगठनात्मक क्षमता, सक्रियता और तकनीक के प्रभावी उपयोग से भाजपा के विचारों एवं जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के महाअभियान को नई ऊर्जा मिलेगी. हमें विश्वास है कि आपके नेतृत्व में संगठन का डिजिटल संवाद और अधिक प्रभावी एवं सशक्त होगा.”


