हैदराबाद: यश की आगामी फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ का ट्रेलर 8 अगस्त को रिलीज हुआ. ट्रेलर में यश के साथ-साथ कियारा आडवाणी की भी काफी तारीफ हो रही है. जहां ट्रेलर लॉन्च के दौरान यश ने खुद कियारा के काम को सराहा, वहीं, अब कियारा के पति-एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा ने भी अपनी लेडी लव की तारीफ की है.
एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा ने अपनी पत्नी और एक्ट्रेस कियारा आडवाणी की आने वाली फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ का ट्रेलर देखने के बाद उनकी तारीफ की है. उनका यह रिएक्शन तब आया है जब कियारा को कुछ ट्रोलर्स की वजह से फिल्म में यश के साथ इंटीमेट सीन को लेकर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है.
रविवार, 9 अगस्त को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर सिद्धार्थ ने टॉक्सिक का ट्रेलर शेयर किया है और कियारा की कड़ी मेहनत और लगन की तारीफ की, साथ ही भरोसा जताया कि उनकी कोशिशें बड़े पर्दे पर नजर आएंगी.
सिद्धार्थ ने अपनी पोस्ट के कैप्शन में लिखा है, ‘आपकी मेहनत, लगन और जुनून… ये सब बड़े पर्दे पर दिखेगा. यह आपकी बेहतरीन फिल्मों में से एक होगी, की… उस जादू को देखने का बेसब्री से इंतजार है जो गीतू मोहनदास, यश, आपने और पूरी टीम ने मिलकर रचा है. ‘टॉक्सिक’ टीम को बहुत-बहुत शुभकामनाएं. 26 अगस्त का इंतजार रहेगा.’
सिद्धार्थ से यश ने भी कियारा के परफॉर्मेंस की तारीफ की है. तबाही गाने में कियारा आडवाणी की परफॉर्मेंस की आलोचना के बीच यश उनके समर्थन में सामने आए हैं. शनिवार को बेंगलुरु में फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान, एक्टर ने रोल के प्रति कियारा के डेडिकेशन की तारीफ की और उनसे कहा कि वे एक एक्टर होने के नाते आने वाली नेगेटिविटी पर ध्यान न दें.
यश ने कहा, ‘कियारा, आपने इसमें जिस तरह का रोल निभाया है, उससे आपकी लगन साफ दिखती है. शुरू में हमें लगा था कि इतने सारे एक्टर्स को एक साथ लाना मुश्किल होगा, लेकिन कियारा बहुत ही मिलनसार और जमीन से जुड़ी हुई हैं. और एक एक्टर के तौर पर आपको बहुत सी चीजों से गुजरना पड़ता है, अफसोस की बात है कि लोग उनकी परवाह नहीं करते. आपको जिस चीज पर भरोसा है, वही करना चाहिए. लोग उसे जरूर सराहेंगे और उसकी तारीफ करेंगे. बस बात इतनी है कि हम अपने समय से थोड़ा आगे चल रहे हैं.’
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी और यश स्टारर फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ 26 अगस्त को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. इस फिल्म में नयनतारा, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया भी अहम भूमिकाओं में हैं.


