ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कुट्टू का आटा खाने से लोगों के बीमार होने के मामले में थाना बिसरख पुलिस और खाद्य विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की है। टीम ने कुट्टू का आटा बेचने वाली दुकान और गोदाम से सैंपल लेकर अनियमितता पाए जाने पर दुकान और गोदाम को सील कर दिया है।
थाना बिसरख पुलिस के अनुसार, 16 फरवरी 2026 को एक निजी अस्पताल से कुट्टू का आटा खाने से सुपरटेक इकोविलेज-3 सोसाइटी, रोयल कोर्ट सोसाइटी, हिमालय प्राइड सोसाइटी में रहने वाले कई लोगों की तबियत खराब होने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद खाद्य विभाग की टीम और बिसरख पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दुकानों और गोदाम की जांच की।
कार्रवाई के दौरान, टीम ने प्रशांत जनरल स्टोर रोयल कोर्ट सोसाइटी को सील कर दिया और गोदाम मालिक सहित 4 लोगों को हिरासत में लिया है। खाद्य विभाग की टीम ने सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


