नई दिल्ली: राजधानी में 10 अक्टूबर को चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के बीच हिरासत में लिए गए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के तीन नेताओं अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को रिहा कर दिया गया है. तीनों को करीब 24 घंटे तक हिरासत में रखे जाने के बाद रविवार सुबह 9 बजे कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया. पेशी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया. CJP ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तीनों की रिहाई की जानकारी साझा करते हुए इसे पुलिस की कार्रवाई के बाद मिली राहत बताया.
दिल्ली पुलिस एक्स पर जानकारी देते हुए बताया किअभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरभ दास को धारा 126/170 बीएनएसएस के तहत निवारक गिरफ्तारी के लिए 10.10.2026 को गिरफ्तार किया गया था. सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए उन्हें 11.10.2026 को दिल्ली कैंट स्थित एसईएम न्यायालय में पेश किया गया. शांति और अच्छे व्यवहार को बनाए रखने के लिए एक वर्ष की अवधि के लिए ₹50,000/- का जमानत बांड भरा गया और उन्हें एसईएम न्यायालय द्वारा रिहा कर दिया गया.
करीब 24 घंटे तक हिरासत में रहे तीनों नेता
CJP के नेताओं अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया था. इसके बाद पार्टी की ओर से लगातार उनकी स्थिति और रिहाई को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे. CJP ने आरोप लगाया था कि तीनों को हिरासत में लिए जाने के कई घंटे बाद तक उनके ठिकाने और आगे की कानूनी प्रक्रिया के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही थी. पार्टी की ओर से साझा किए गए अपडेट में कहा गया कि तीनों नेता करीब 24 घंटे से पुलिस हिरासत में थे. CJP ने दिल्ली पुलिस से उन्हें तत्काल रिहा करने की मांग की थी. पार्टी का कहना था कि नेताओं को लंबे समय तक हिरासत में रखने के मामले में पुलिस को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए.
सुबह 9 बजे पेशी की दी गई थी जानकारी
CJP की लीगल हेड रत्ना सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया था कि अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को सुबह 9 बजे दिल्ली कैंट पुलिस स्टेशन में कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा. रत्ना सिंह के मुताबिक, दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने उन्हें इस संबंध में सूचना दी थी. उन्होंने बताया था कि वह पार्टी की ओर से अन्य वकीलों के साथ पुलिस स्टेशन पहुंचेंगी और तीनों नेताओं का कानूनी पक्ष रखेंगी. इसके बाद तीनों को कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया. पेशी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनकी रिहाई की जानकारी सामने आई.
CJP ने सोशल मीडिया पर साझा किया अपडेट
तीनों नेताओं की रिहाई को लेकर CJP ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपडेट जारी किया. पार्टी ने कहा कि दिल्ली पुलिस को आखिरकार अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को छोड़ना पड़ा. इससे पहले पार्टी लगातार उनकी हिरासत को लेकर सवाल उठा रही थी और तत्काल रिहाई की मांग कर रही थी.
चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के बीच कार्रवाई
यह घटनाक्रम दिल्ली में चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के बीच सामने आया. CJP सहित विभिन्न समूहों की ओर से चुनावी मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और नाम हटाए जाने के मुद्दे पर विरोध जताया जा रहा है. प्रदर्शन से जुड़े समूहों ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों की जांच और जवाबदेही तय करने की मांग उठाई है. CJP ने मतदाता सूची से कथित तौर पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जाने के आरोपों को अपने विरोध प्रदर्शन का प्रमुख मुद्दा बनाया है. पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और कथित अनियमितताओं के लिए जवाबदेही तय करने की मांग भी कर रही है.


