मेरठ: जिले के सरधना थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े युवती के अपहरण करने का मामला सामने आया है. कपसाड़ गांव में गुरुवार को एक युवक ने एक महिला पर धारदार हथियार से हमला कर बेटी को भगा ले गया. घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए 5 टीमें लगा दी हैं.
पुलिस के मुताबिक, कपसाड़ गांव की रहने वाली एक महिला गुरुवार को अपनी बेटी के साथ खेत पर काम करने जा रही थी. तभी गांव का ही एक युवक पीछे से आया और उसने युवती को साथ चलने को कहा. बेटी से बात करते हुए जब मां ने विरोध कर दिया. आरोप है कि युवक ने उनकी 20 वर्षीय बेटी का अपहरण करने की कोशिश की. जब मां ने विरोध किया तो एक युवक ने धारदार हथियार से हमला कर दिया. महिला ने शोर मचाया तो आसपास में खेतों में काम कर रहे लोग भी उस तरफ दौड़ पड़े.
इसी बीच युवक अपने साथी के साथ युवती को वहां से जबरन ले गया. युवती के परिजनों को सूचना मिली वे भी घटनास्थल की ऒर दौड़ पड़े. परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से महिला को मोदीपुरम क्षेत्र के हॉस्पिटल में भर्ती कराया. महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है. उसे गंभीर चोट आई हैं.
युवती के परिजनों का आरोप है कि युवक और उसके साथी ने जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया. जान से मारने की धमकी दी गई. युवक राजपूत समाज से ताल्लुक रखता है. जैसे ही इस मामले की जानकारी पुलिस को हुई महकमे के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. गांव में पुलिस बल भी तैनात किया
गया है. तनाव पूर्ण शांति बनी हुई है. एएसपी ने पीड़ित महिला से अस्पताल में मुलाकात की.
एसएसपी डॉक्टर विपिन ताड़ा ने बताया कि युवक और युवती एक ही गांव के हैं और पूर्व परिचित है. युवक द्वारा 20 वर्षीय युवती को ले जाने के दौरान मां को घायल किया गया. घायल को हॉस्पिटल ले जाया गया और युवती की बरामदगी और अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के नेतृत्व में 5 पुलिस टीम गठित की गई है. परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है.


