लौकही! फूलपरास में चैत्र नवरात्र के शुभ अवसर पर गुरुवार को नव चैती दुर्गा पूजा समिति के तत्वाधान में प्रथम दिन भव्य कलश शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे नगर में सुबह से ही उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिसमें महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। सैकड़ों की संख्या में महिलाएं सिर पर सजे-धजे कलश लेकर पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुईं। वहीं पुरुष श्रद्धालु भी जय माता दी के जयकारे लगाते हुए पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल रहे। यह भव्य शोभायात्रा फुलपरास के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। जगह-जगह स्थानीय लोगों द्वारा श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए जलपान और प्रसाद की व्यवस्था भी की गई, जिससे आयोजन की भव्यता और बढ़ गई। शोभायात्रा का समापन फुलपरास थाना से उत्तर नव चैती दुर्गा मंदिर यानी निर्धारित पूजा स्थल पर हुआ, जहां विधि-विधान के साथ कलश स्थापना की गई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां दुर्गा की पूजा-अर्चना प्रारंभ की गई, जो आगामी नौ दिनों तक नियमित रूप से जारी रहेगी। आयोजन को सफल बनाने में नव चैती दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति द्वारा सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण एवं अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विशेष ध्यान दिया गया था, जिससे पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। नवरात्र के प्रथम दिन निकाली गई इस भव्य कलश शोभायात्रा ने पूरे फूलपरास को भक्ति रस में डुबो दिया। हर ओर श्रद्धा, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।


