Mediasamvad24

32.2 C
Noida
Sunday, August 30, 2026

Buy now

spot_img

हिमाचल की कानून व्यवस्था पर जयराम ठाकुर ने उठाए गंभीर सवाल

शिमला: हिमाचल प्रदेश में हाल ही में हुई आपराधिक घटनाओं को लेकर अब सियासत तेज हो गई है. राजधानी शिमला के संजौली स्थित सरस्वती पैराडाइज स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल की गोली मारकर हत्या के मामले के बाद नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल में अपराधी बेखौफ हो चुके हैं और सरकार कानून व्यवस्था संभालने में असफल साबित हो रही है.

जयराम ठाकुर ने कहा कि शिमला जैसे शांत माने जाने वाले शहर में दिनदहाड़े एक महिला की हत्या होना बेहद गंभीर मामला है. उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि महिला पहले ही अपनी जान को खतरा होने की बात कह चुकी थी और पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग भी की थी. उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार गुहार लगाने के बाद भी महिला की जान नहीं बचाई जा सकी. जयराम ठाकुर ने कहा कि ऐसी घटनाएं हिमाचल जैसे शांतिप्रिय राज्य के लिए चिंता का विषय हैं और प्रदेश में कानून का राज मजबूत होना चाहिए.

‘अपराधी मचा रहे तांडव, पुलिस व्यवस्था पर सवाल’

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हिमाचल में अब ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जो पहले कभी नहीं सुनी जाती थीं. उन्होंने कहा कि प्रदेश में कहीं दिनदहाड़े गोलीकांड हो रहे हैं तो कहीं नशे की वजह से युवाओं की जान जा रही है. उन्होंने कहा कि हिमाचल में अपराधियों का बोलबाला है, कहीं हत्या हो रही है, कहीं नशा तांडव मचा रहा है और सरकार सो रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन अपराधों पर लगाम लगाने के बजाय दूसरे कामों में व्यस्त नजर आ रहा है.

पुलिस की कार्यप्रणाली पर लगाए आरोप

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि पुलिस का काम कानून व्यवस्था बनाए रखना और अपराधियों पर कार्रवाई करना है, लेकिन वर्तमान में पुलिस व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा कम हो रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की भी जिम्मेदारी तय की जाए.

नशे को लेकर भी सरकार पर हमला

जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में नशे की समस्या लगातार बढ़ रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगह नशे के कारण युवाओं की मौत के मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन सरकार इस दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठा पा रही है. उन्होंने कहा कि हिमाचल की पहचान देवभूमि और शांतिप्रिय राज्य के रूप में रही है, लेकिन लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाएं प्रदेश की छवि को नुकसान पहुंचा रही हैं.

पर्यटन राज्य की छवि को खतरा बताया

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हिमाचल की अर्थव्यवस्था पर्यटन पर काफी निर्भर है. अगर प्रदेश में कानून व्यवस्था कमजोर होती है और अपराध बढ़ते हैं तो इसका असर पर्यटन और आम जनता दोनों पर पड़ेगा. उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से प्रदेश की कानून व्यवस्था मजबूत करने और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार करने की मांग की. उन्होंने कहा कि सरकार को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से ऊपर उठकर जनता की सुरक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए.

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles