राहुल कुमार प्रियदर्शी, मधुबनी- (बिहार)
लौकही! इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 में साइंस संकाय की छात्रा प्रीति कुमारी ने 426 अंक प्राप्त कर प्रथम श्रेणी हासिल कर जिले का नाम रौशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा घोषित परिणाम में प्रीति ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह साबित कर दिया कि मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से हर सफलता संभव है। प्रीति कुमारी, प्रमोद कुमार गुप्ता की पुत्री हैं और SSP+2 हाई स्कूल, नरहिया (मधुबनी) की मेधावी छात्रा हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कठिन परिश्रम और नियमित अध्ययन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। प्रीति की इस सफलता से उनके परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई है। परिजनों ने मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया, वहीं विद्यालय के शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने भी उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। शिक्षकों का कहना है कि प्रीति शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और मेहनती रही हैं। उनकी यह सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर इस तरह की उपलब्धि हासिल करना निश्चित रूप से गर्व की बात है।


