Mediasamvad24

11.1 C
Noida
Sunday, November 29, 2026

Buy now

spot_img

हिमाचल में एक महीने के भीतर लागू होगी नई औद्योगिक नीति, प्रोत्साहनों और सस्ती बिजली को मिलेगा कानूनी संरक्षण: हर्षवर्धन

शिमला: हिमाचल प्रदेश में औद्योगिक निवेश को नई रफ्तार देने और उद्योगपतियों का भरोसा मजबूत करने की दिशा में प्रदेश सरकार जल्द ही बड़ा कदम उठाने जा रही है. राज्य की नई औद्योगिक नीति अब अंतिम चरण में पहुंच गई है और अगले 15 दिनों से एक महीने के भीतर मुख्यमंत्री के साथ चर्चा के बाद इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा. सरकार इस बार केवल औद्योगिक नीति बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उद्योगों को मिलने वाले प्रोत्साहनों, सस्ती बिजली और अन्य सुविधाओं को कानूनी संरक्षण देने की दिशा में भी आगे बढ़ रही है. इससे निवेशकों को मिलने वाली सुविधाओं और सरकार की ओर से किए जाने वाले आश्वासनों को स्पष्ट कानूनी आधार मिलेगा.

उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा, “वर्ष 2019 की औद्योगिक नीति को फिलहाल विस्तार दिया गया है. नई नीति तैयार करने के लिए उद्योग विभाग के साथ-साथ पर्यावरण, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, बिजली बोर्ड, आबकारी और राजस्व विभाग से भी सुझाव और राय ली जा रही है. इन विभागों की भूमिका इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि उद्योगों को मिलने वाले प्रोत्साहन, रियायतों और अन्य सुविधाओं का निर्धारण इनके सुझावों के आधार पर भी किया जाता है”.

मुख्यमंत्री से चर्चा के बाद दिया जाएगा अंतिम रूप

उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि नई औद्योगिक नीति लगभग तैयार है और मुख्यमंत्री के साथ चर्चा के बाद इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा. हाल ही में विधानसभा में उद्योग विभाग से संबंधित एक विधेयक भी पेश किया गया है. इसके माध्यम से विभाग की नीतियों, औद्योगिक प्रोत्साहनों और नियमों को कानूनी आधार प्रदान करते हुए अधिनियम का रूप दिया गया है.

हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि पहले औद्योगिक नीतियों में बदलाव की गुंजाइश रहती थी और अलग-अलग परिस्थितियों में उनकी अलग-अलग व्याख्या की जाती थी. इससे कई बार विवाद पैदा होते थे और मामले न्यायालयों तक पहुंच जाते थे. अब नीतियों को कानूनी दर्जा मिलने से उद्योगों को मिलने वाले प्रोत्साहनों, सस्ती बिजली और अन्य सुविधाओं को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी. सरकार की ओर से उद्योगपतियों को दिए जाने वाले आश्वासनों को भी कानूनी मान्यता मिलेगी. इससे भविष्य में विवाद और न्यायालयों में मुकदमेबाजी कम करने में मदद मिलेगी.

उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य हिमाचल में निवेश करने वाले उद्योगों का सरकार और उद्योग विभाग के प्रति विश्वास मजबूत करना है. हिमाचल प्रदेश पहले से ही दवा उद्योग के प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है. देश के कुल औषधि उत्पादन में प्रदेश की हिस्सेदारी लगभग 35 प्रतिशत है. उन्होंने कहा कि हिमाचल को अन्य राज्यों की तुलना में कुछ विशेष लाभ प्राप्त हैं, जिनका इस्तेमाल कर प्रदेश में औद्योगिक निवेश की संभावनाओं को और मजबूत किया जा सकता है.

2029 के लोकसभा चुनाव में लागू हो महिला आरक्षण

उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर केंद्र की भाजपा और एनडीए सरकार को घेरते हुए कहा है कि वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं को आरक्षण देने के लिए डिलिमिटेशन (परिसीमन) या लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ने का इंतजार नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि परिसीमन नहीं भी होता है और संसद और लोकसभा की सीटों में कोई बढ़ोतरी नहीं होती है, तब भी केंद्र सरकार को मौजूदा व्यवस्था के तहत ही महिला आरक्षण लागू करना चाहिए. वर्तमान लोकसभा की 542 सीटों में से एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर कोई विवाद नहीं होना चाहिए और महिलाओं को उनका अधिकार मिलना चाहिए.

राजनीतिक इच्छा शक्ति दिखाएं केंद्र

हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि परिसीमन विधेयक संसद में आएगा तो उस पर चर्चा होगी. दोनों सदनों में विधेयक को पारित करने और सहमति बनाने की प्रक्रिया संसदीय नियमों के अनुसार आगे बढ़ेगी. उन्होंने कहा कि कुछ विधेयक संवैधानिक प्रकृति के होते हैं, जिन्हें संसद की स्थायी समिति के पास भेजा जाता है. ऐसे में संभव है कि परिसीमन विधेयक को भी स्टैंडिंग कमेटी के पास भेजा जाए. समिति इस पर विचार करने के बाद अपनी सिफारिशें देगी और फिर विधेयक को दोबारा संसद में लाया जा सकता है. इसके बाद इसे पारित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.

उन्होंने कहा कि परिसीमन और विधायी प्रक्रिया अपनी जगह है, लेकिन महिला आरक्षण लागू करने के लिए केंद्र सरकार को राजनीतिक इच्छाशक्ति दिखानी चाहिए. वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव में महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने के लिए मौजूदा सीटों में ही एक-तिहाई आरक्षण लागू किया जा सकता है.

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles