नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन और डीसीपी सेंट्रल नोएडा के पर्यवेक्षण में एडीसीपी सेंट्रल नोएडा आर.के. गौतम ने एसीपी-3 सेंट्रल नोएडा राजीव कुमार गुप्ता तथा पुलिस बल के साथ थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में फुट पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पेट्रोलिंग के दौरान अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि संदिग्ध वाहनों की बैरिकेडिंग लगाकर सघन चेकिंग की जाए और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जाए। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने सभी पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहते हुए आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान पुलिस ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति का भी निरीक्षण किया।


