लखनऊ : दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास धमाकों के साथ ही आतंकी घटनाओं में सफेद कोट धारी की संलिप्तता के बाद इसी ‘बिरादरी’ का नाम लव जिहाद में आने से फैली सनसनी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त तेवर ने जल्दी ही ठंडा कर दिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उत्तर प्रदेश पुलिस की अवैध मतांतरण के खिलाफ कार्रवाई के क्रम में चिकित्सा की आड़ में अपराध करने वाले केजीएमयू के ‘सफेद कोट लव जिहादी’ को गिरफ्तार किया है।
लखनऊ के केजीएमयू में ‘मुस्लिम बनो और निकाह करो’ कहने वाला डॉक्टर रमीजुद्दीन नायक उर्फ रमीज मलिक केजीएमयू में एमडी पैथोलॉजी की छात्रा को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करता रहा, गर्भपात कराया और उस पर धर्मपरिवर्तन का दबाव भी बना रहा था। छात्रा के आत्महत्या का प्रयास करने के बाद उसके खिलाफ केस दर्ज होने के बाद फरार होने पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत फरार आरोपी की तलाश तेज की गई। संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) ने आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। थाना चौक और सर्विलांस टीम पश्चिम लखनऊ ने संयुक्त कार्रवाई की। मुखबिर तंत्र और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से सुराग मिलने पर आरोपी डॉ. रमीजुद्दीन नायक उर्फ रमीज को शुक्रवार दोपहर सिटी स्टेशन लखनऊ गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
डॉक्टर की पहचान का दुरुपयोग
पुलिस का कहना है कि डॉ. रमीजुद्दीन नायक उर्फ रमीज शातिर किस्म का अपराधी है। डॉक्टर की पहचान का दुरुपयोग करता था। अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है। अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने स्पष्ट किया है कि सफेद कोट की आड़ में अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कई महीनों पीड़िता के साथ दुष्कर्म
पुलिस के अनुसार, 23 दिसंबर 2025 को पीड़िता की शिकायत पर डॉ. रमीजुद्दीन नायक उर्फ रमीज के खिलाफ थाना चौक में मुकदमा दर्ज हुआ था। पीड़िता ने बताया कि आरोपी डॉक्टर रमीज ने शादी का झांसा देकर कई महीनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया और बिना उसकी सहमति से गर्भपात भी कराया। इसके बाद आरोपी पीड़िता पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने लगा। विवेचना में सामने आया कि आरोपी ने एक अन्य मेडिकल छात्रा के साथ भी यही तरीका अपनाया। उसके साथ भी दुष्कर्म किया और जबरन गर्भपात कराया। साथ ही धर्म परिवर्तन कराकर शादी कराई गई। जांच में आरोपी के परिवार के लोगों की भी अपराध में संलिप्तता सामने आने पर मुकदमे में गंभीर धाराएं जोड़ी गईं। आरोपी के पिता सलीमुद्दीन और माता खतीजा को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों न्यायिक अभिरक्षा में हैं। अन्य सहयोगियों के नाम भी प्रकाश में आए हैं।
पीड़िता ने सीएम योगी से मांगा था न्याय
पीड़िता से 22 दिसंबर को सीएम योगी आदित्यनाथ ने फोन पर बात की थी। सीएम ने बातचीत में निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया था। उन्होंने पूरे मामले पर केजीएमयू प्रशासन से रिपोर्ट भी मांगी। पीड़िता डॉक्टर पश्चिम बंगाल की रहने वाली है। वह एमडी पैथोलॉजी कर रही है। डॉक्टर रमीजुद्दीन उसका सीनियर था।
वह एमडी पैथोलॉजी थर्ड ईयर का स्टुडेंट है। दरअसल 17 दिसंबर को पीड़िता डॉक्टर ने कमरे में दवा की ओवरडोज लेकर आत्महत्या की कोशिश की थी। उन्हें केजीएमयू में ही भर्ती किया गया। परिवार को खबर दी गई। इसके बाद परिवार के लोग 19 दिसंबर को लखनऊ पहुंचे। उसके पिता भी डॉक्टर हैं।


