हैदराबाद: राष्ट्रपति भवन में मंगलवार को पद्म पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया था. इस समारोह में मशहूर गायिका अलका याग्निक को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया. समारोह के बाद सोशल मीडिया पर गायिका का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वे कार्यक्रम स्थल से निकलते समय व्हीलचेयर का इस्तेमाल करती दिखी. इस वीडियो को देखकर उनके फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंतित हो गए.
फैंस को चिंतित होता देख गुरुवार, 25 जून को अलका ने अपने इंस्टाग्राम पर एक बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने बताया कि उन्होंने व्हीलचेयर का इस्तेमाल क्यों किया. अलका याग्निक ने बयान में लिखा, ‘आपके प्यार, चिंता और ढेर सारी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद. मैंने सेरेमनी के एक वीडियो को लेकर लोगों की चिंता देखी है और मैं सभी को बताना चाहती हूं कि मैं ठीक हूं और मेरी रिकवरी अच्छी तरह से हो रही है.’
उन्होंने वजह बताते हुए आगे लिखा, ‘पद्म सम्मान समारोह के लंबे और यादगार दिन के बाद मैं बस थक गई थी, इसलिए निकलते समय मैंने व्हीलचेयर मांगी. प्लीज चिंता न करें. अब मैं काफी बेहतर महसूस कर रही हूं और उन दुआओं और सपोर्ट के लिए बहुत आभारी हूं जिनसे मुझे हिम्मत मिलती रहती है.’
उन्होंने भारत सरकार का भी धन्यवाद किया और लिखा, ‘इस बड़े सम्मान के लिए भारत के माननीय राष्ट्रपति, माननीय प्रधानमंत्री, गृह मंत्रालय और भारत सरकार का तहे दिल से शुक्रिया. आइए, हम सब मिलकर इस खुशी के मौके का जश्न मनाएं. आभार और प्यार के साथ, अलका याग्निक.’
इससे पहले पद्म भूषण मिलने की खुशी अपने फैंस संग साझा की थी. पद्म भूषण मिलने के बाद अलका ने एक लंबा नोट इंस्टाग्राम पर शेयर किया और लिखा, ‘आज मैंने सिर्फ एक पुरस्कार ही नहीं लिया, बल्कि उन लाखों लोगों का प्यार भी महसूस किया जो मेरी यात्रा का हिस्सा रहे हैं. धन्यवाद.’
मशहूर गायिका अचानक हुए वायरल अटैक की वजह से ‘सेंसोरिन्यूरल हियरिंग लॉस’जैसी दुर्लभ समस्या से जूझ रही हैं. इस स्वास्थ्य समस्या के कारण, वह अभी गाने रिकॉर्ड नहीं कर पा रही हैं. हालांकि, उनके फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि वह जल्द ही ठीक हो जाएंगी और उन्हें फिर से उनकी आवाज सुनने को मिलेगी. पिछली बार हमने उनकी आवाज फिल्म ‘बैड न्यूज’ के गाने ‘मेरे महबूब मेरे सनम’ के रीक्रिएटेड वर्शन में सुनी थी.


