हमीरपुर: पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने वीरवार को हैदराबाद में आयोजित संविधान गौरव दिवस समारोह में भाग लिया। उन्होंने भाजपा तेलंगाना प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंद्र राव व अन्य पदाधिकारियों से भेंटकर डा. भीमराव अम्बेदकर को पुष्पांजलि अर्पित की । इसके बाद वह बेगम बाजार स्थित खेमदास मठ में जीण माता एवं श्याम बाबा मंदिर के 5 दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल हुए। उन्होंने भाजपा कार्यालय से नामपल्ली एग्जीबिशन ग्राऊंड तक निकाली गई संविधान गौरव यात्रा में भाग लिया। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी जिस संविधान की प्रति लहराते हैं, उन्हें आज तक यह भी स्पष्ट नहीं है कि उसमें कितने पृष्ठ और अनुच्छेद हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि कांग्रेस संविधान की रक्षा कर सकती है तो बिल्ली भी दूध की रखवाली कर सकती है।
उन्होंने 1975 के आपातकाल को लोकतंत्र का काला अध्याय बताते हुए राहुल गांधी से सार्वजनिक माफी की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा डा. अम्बेदकर का अपमान किया। उन्होंने इंदिरा गांधी के समय अनुच्छेद 356 के दुरुपयोग, शाह बानो मामले और 2013 में केंद्रीय मंत्रिमंडल का अध्यादेश फाड़ने जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए कांग्रेस को लोकतंत्र का लुटेरा करार दिया। उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी पर निशाना साधते हुए कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर उनके बयान पूरी तरह विरोधाभासी हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 2023 में इसी ई.वी.एम. और निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया से तेलंगाना की सत्ता में आई थी, लेकिन आज मुख्यमंत्री मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण पर सवाल उठा रहे हैं और निर्वाचन आयोग की तुलना साइमन कमीशन से कर रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के खिलाफ अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल की निंदा करते हुए इसे देश के 140 करोड़ नागरिकों के जनादेश का अपमान बताया।
उन्होंने हैदराबाद के संवैधानिक इतिहास को याद करते हुए सरदार वल्लभ भाई पटेल के योगदान और संविधान सभा में शामिल तेलुगु महानुभावों को नमन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2015 से संविधान दिवस मनाने की शुरूआत हुई और बाबा साहेब से जुड़े स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया।


