भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज ऋषभ पंत अपने होमटाउन उत्तराखंड में घर बनाना चाहते हैं. जिसके लिए वो राज्य में जमीन खरीदना चाहते हैं, लेकिन तीन साल तक कोई जमीन न मिलने से निराश पंत ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद की अपील कर दी.
पंत ने CM से की अपील
पंत, जो अभी दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम के साथ श्रीलंका में हैं, ने शनिवार तड़के एक्स पर एक पोस्ट में सीएम धामी को टैग करके लिखा, ‘नमस्ते सर, आप कैसे हैं? उत्तराखंड का मूल निवासी होने के नाते, मुझे यहां आए हुए काफी समय हो गया है. मैं दिल्ली से उत्तराखंड शिफ्ट होने के लिए जमीन खरीदने की कोशिश कर रहा हूं, लेकिन रहने के लिए कोई अच्छी और बड़ी जगह नहीं मिल पा रही है. मुझे अपना उत्तराखंड बहुत पसंद है. मेरी आपसे विनम्र विनती है कि जमीन खरीदने में मेरी मदद करें, क्योंकि आजकल साफ-सुथरी जमीन मिलना बहुत मुश्किल हो गया है.’
क्यों उत्तराखंड शिफ्ट होंगे ऋषभ पंत
पंत ने ये भी लिखा, मैं सब कुछ छोड़कर अपने मूल स्थान पर वापस आकर उत्तराखंड के विकास में योगदान देना चाहता हूं और अपने पहाड़ी लोगों के बीच रहना चाहता हूं. कृपया इस मामले पर ध्यान दें. 3 साल हो गए हैं और अभी तक कोई जमीन नहीं मिली है. आपके जवाब का इंतजार रहेगा सर.’
CM धामी ने भी दिया जवाब
ऋषभ पंत की अपील पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने पंत को भरोसा दिलाया है कि राज्य सरकार नियमों के दायरे में रहते हुए हर संभव मदद करेगी. धामी ने पंत के पोस्ट का जवाब देते हुए लिखा, ‘प्रिय ऋषभ, आप उत्तराखंड का गौरव हैं. अपने शानदार प्रदर्शन और उपलब्धियों से आपने देश और दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है.’
उन्होंने आगे कहा, ‘अपनी मातृभूमि के प्रति आपका प्रेम और यहां लौटकर योगदान देने की आपकी भावना बहुत सराहनीय है. धामी ने सरकारी मदद का वादा भी किया. मुख्यमंत्री ने कहा, ‘आपने जो मामला उठाया है, उसके बारे में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जा रहे हैं. वे जल्द ही आपसे संपर्क करेंगे और नियमों के अनुसार हर संभव मदद सुनिश्चित करेंगे.’
फ्री में नहीं चाहिए जमीन
पंत ने एक दूसरे ट्वीट में कहा कि वह ये जमीन मुफ्त में नहीं चाहते हैं. पंत ने लिखा, ‘अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए तोहफा मिलना बहुत अच्छा होगा, लेकिन अगर आप मुझे इजाजत दें, तो मैं सरकार से उनकी तय दरों पर जमीन खरीदना चाहता हूं ताकि मैं अपने ही राज्य में अपना पहला घर बना सकूं, कृपया इसमें मेरी मदद करें. सच कहूं तो मुझे समझ नहीं आ रहा था कि यह कैसे करूं.’
पंत का जन्म स्थान
28 साल के पंत का जन्म उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की में हुआ. लेकिन वो पेशेवर तौर पर क्रिकेट खेलने के लिए दिल्ली शिफ्ट हो गए. वो घरेलू क्रिकेट में दिल्ली का प्रतिनिधित्व करते रहते हैं, लेकिन उत्तराखंड के साथ उनका जुड़ाव मजबूत बना हुआ है. इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वह 2025-26 वित्तीय वर्ष के लिए उत्तराखंड में सबसे ज्यादा व्यक्तिगत टैक्स देने वाले व्यक्ति हैं. उन्होंने कथित तौर पर 23.84 करोड़ रुपये का इनकम टैक्स भरा है.
पंत का क्रिकेट करियर
ऋषभ पंत अब तक 50 टेस्ट, 31 वनडे और 76 टी20 में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. जबकि आईपीएल में 139 मैच खेल चुके है. आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी पंत को लखनऊ ने 27 करोड़ में खरीदा था. लेकिन अब वो आगले सीजन में दिल्ली की तरफ से खेलते हुए नजर आएंगे. क्योंकि लखनऊ ने उनको दिल्ली के साथ 15 करोड़ में ट्रेड कर दिया है.


